
नाहन (सिरमौर)। डा. यशवंत सिंह परमार उद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय नौणी के मौसम विज्ञान के अनुसार जिला सिरमौर में आने वाले चार दिन में भारी बारिश का अनुमान लगाया जा रहा है। इस दौरान तेज हवाएं भी चल सकती हैं।
विवि के सहायक वैज्ञानिक डा. पीएस बवेजा ने साप्ताहिक बुलेटिन के माध्यम से जानकारी दी कि पिछले सप्ताह का मौसम परिवर्तनशील रहा। पिछले सप्ताह नौणी में 32.4 मिलीमीटर वर्षा रिकार्ड की गई।
शनिवार को सिरमौर का न्यूनतम तापमान 19 तथा अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। निचले क्षेत्रों में औसत सापेक्षित आर्द्रता 30 से 85 प्रतिशत रही। जिला सिरमौर में आने वाले चार दिन में भारी वर्षा की संभावना है। आसमान पर घने बादल छाए रहने की संभावना है। हवा दक्षिण-पूर्वी दिशा से 5 से 8 किलोमीटर प्रति घंटा रहने की संभावना है। पहाड़ी क्षेत्रों में औसत सापेक्षित आर्द्रता 30 से 92 प्रतिशत रहने की संभावना है।
