
हल्द्वानी। वाणिज्य कर विभाग द्वारा मनमाने ढंग से लागू किए त्रैमासिक विवरणी ऑनलाइन रिटर्न भरने की प्रणाली के खिलाफ सोमवार को व्यापारियों ने धरना देकर प्रदर्शन किया। वहीं, व्यापारियों के दूसरे गुट ने नई व्यवस्था के खिलाफ पुतला फूंका। व्यापारियों ने कहा है कि नई पालिसी को लागू होने नहीं देंगे। वाणिज्यकर विभाग ने मैनुअल व्यवस्था को बहाल नहीं किया तो व्यापारी संगठन सड़कों पर उतरने को मजबूर होंगे।
प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल के नगराध्यक्ष राजीव अग्रवाल और महामंत्री विरेंद्र गुप्ता के नेतृत्व में व्यापारियों ने पुतला फूंककर विरोध जताया। नगराध्यक्ष ने कहा कि आनलाइन व्यवस्था को नहीं हटाया तो वित्तमंत्री से मुलाकात कर समस्या से अवगत कराया जाएगा। जिलाध्यक्ष राकेश गुप्ता, गुरुचरन सिंह प्रिंस ने कहा कि आनलाइन व्यवस्था छोटे व्यापारियों को खत्म कर देगी। पुतला फूंकने वालों में दिनेश गुप्ता, प्रकाश हर्बोला, आनंद ठठोला, हितेंद्र भसीन, प्रदीप सब्बरवाल, अमरजीत सिंह, विनोद आनंद, चमन गुप्ता, रामप्रसाद कश्यप, सौरभ बजाज आदि मौजूद थे। वहीं, प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल उत्तराखंड, प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल हल्द्वानी के पदाधिकारियों ने बुद्ध पार्क में नई पालिसी के खिलाफ धरना देकर प्रदर्शन किया। प्रदेश महामंत्री नवीन वर्मा और जिलाध्यक्ष विपिन गुप्ता ने कहा कि वाणिज्य कर विभाग ने पुरानी व्यवस्था बहाल नहीं की तो व्यापारी एकत्र होकर सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेंगे। व्यापारियों ने सिटी मजिस्ट्रेट आरडी पालीवाल को भी ज्ञापन सौंपा। धरना देने वालों मेें बाबू लाल गुप्ता, एनसी तिवारी, प्रमोद गोयल, मनोज गुप्ता, सुभाष कश्यप, राजेंद्र बमेठा, जसविंदर सिंह भसीन, संजय राजपूत, नवीन पांडे, मनोज जायसवाल, मुकेश गुप्ता आदि व्यापारी उपस्थित थे।
