
शिमला। अश्वनी खड्ड परियोजना में गाद भरने से पंपिंग नहीं हो पाई, जिससे शहर को पूरा पानी नहीं मिल पाया है। सात से आठ एमएलडी पानी देने वाली अश्वनी खड्ड परियोजना से शहर को सिर्फ तीन एमएलडी पानी ही मिल पाया। गाद की मात्रा बढ़ने के कारण ऐहतियातन सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग को पंपिंग रोकनी पड़ रही है। छोटा शिमला जोन में दस से बीस मिनट का कट लगाकर पानी की आपूर्ति की गई है। इतना ही नहीं, शाम की सप्लाई करीब दो घंटे देरी से छोड़ी गई। सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग के अधिशासी अभियंता पीएम सिंह ने बताया कि शनिवार को पानी की पंपिंग प्रभावित हुई थी, रविवार से स्थिति सामान्य हो गई है।
इन क्षेत्रों में नहीं मिला पूरा पानी
खलीनी, झंझीड़ी, हनुमान मंदिर, पार्क एरिया, नोज वुड, बेन व्यू, ब्रॉक हास्ट, वीरखाना, शिवपुरी, अपर कनलोग, लोअर कनलोग, बैम्लोई, हिमलैंड, न्यू फ्लावर डेल, ऐरा होम, विकासनगर, बीसीएस, न्यू शिमला का कुछ क्षेत्र।
आज सुधरेगी पानी की आपूर्ति
सोमवार को शहर में पानी की आपूर्ति में सुधार की उम्मीद है। सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग व नगर निगम के अधिकारियों का दावा है कि रविवार को राजधानी शिमला सहित आसपास के क्षेत्रों में अधिक बारिश न होने के कारण गाद की समस्या ज्यादा नहीं रहेगी। सोमवार को शहर के अधिकतर क्षेत्रों में पानी की सामान्य आपूर्ति की जाएगी। अश्वनी खड्ड परियोजना में रविवार को पानी की पंपिंग में सुधार आया है, जिसके चलते सोमवार को परियोजना से शहर को पूरा पानी मिलने की उम्मीद है।
गिरि से सुधरी पानी की सप्लाई
शहर को पानी की आपूर्ति करने वाली सबसे बड़ी गिरि उठाऊ पेयजल योजना की स्थिति में रविवार को सुधार आया है। गिरि परियोजना से शहर को करीब 13 एमएलडी पानी की आपूर्ति हुई है। बारिश के बाद पानी में गाद की मात्रा बढ़ने से गिरि परियोजना प्रभावित हुई थी।
पानी की आपूर्ति का विवरण
गुम्मा परियोजना 14.90
गिरि परियोजना 12.56
चूरट 3.45
चेयड़ 0.50
अश्वनी खड्ड परियोजना 3.15
——————————–
कुल आपूर्ति 34.56 एमएलडी
