आधे प्याज से तड़का लगाने की नौबत

मंडी। दिन-ब-दिन बढ़ रही महंगाई की मार से आदमी बेहाल है। खुदरा बाजार में सब्जियों के दाम आसमान पर हैं। एक सप्ताह के भीतर प्याज के दाम में सीधे 20 रुपये का उछाल आने से इसकी कीमत प्रति किलो 80 रुपये तक पहुंच गई है। वहीं, टमाटर भी 50 रुपये प्रति किलोग्राम बिक रहा है। गरीब की थाली से सब्जी गायब होने की नौबत आ गई है। सब्जियों के दाम में भारी उछाल के कारण गरीब और मध्यम वर्गीय परिवार को सबसे ज्यादा मार पड़ रही है। सब्जी खरीदते समय दाम सुन कर लोगों के पसीने छूट रहे हैं। महंगाई की मार से बचने के लिए लोगों ने स्लाद के तौर पर प्याज खाना बंद कर दिया है। वहीं, तड़का लगाने के लिए पूरे प्याज की जगह आधा ही इस्तेमाल कर रहे हैं।
टमाटर, फूलगोभी के रेट भी 50 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गए हैं। हरे मटर के दाम 120 रुपये प्रति किलो को पार कर गए हैं, जिससे सब्जी विक्रेता हरा मटरा बेचने से गुरेज कर रहे हैं। फ्रांसबीन 60, तौरी 30, भिंडी 40, बंद गोभी 40 रुपये प्रति किलो बिक रहे हैं। स्थानीय निवासी पुनीत शर्मा, पंकज शर्मा, सुरेंद्र कुमार, वीरेंद्र सिंह, विमला देवी, सुनीता, माया देवी, ज्योत्सना, कमलेश कुमारी, सीमा देवी आदि का कहना है कि सब्जियों के दाम बढ़ने से घर का खर्चा चलाना मुश्किल हो गया है। प्याज से लेकर सब्जियों के दाम आसमान छू रहे हैं। हर रोज 100 से 150 रुपये सब्जी खरीदने में खर्च हो रहे हैं। पहले एक किलो प्याज लेते थे, अब आधा किलो से गुजारा करना पड़ रहा है। सब्जी विक्रेता बिशन दास, कर्म चंद, सुरेश का कहना है कि प्याज और अन्य सब्जियों के दाम मंडियों से बढ़ कर आ रहे हैं। विक्रेताओं का कहना है कि आने वाले दिनों में प्याज और महंगा हो सकता है।

Related posts