आधे घंटे के सफर को लगे दो घंटे

देहरागोपीपुर (कांगड़ा)। एनएच 88 पर शनिवार को रानीताल से कांगड़ा तक सैकड़ों वाहन जाम में फंस गए। रानीताल से कांगड़ा पहुंचने के लिए वाहनों को दो घंटे का समय लग गया। जाम से सबसे ज्यादा परेशानी पर्यटकों और श्रद्धालुओं को हुई। जाम खोलने के लिए पुलिस थाना कांगड़ा, देहरा और पुलिस चौकी के अतिरिक्त जवान तैनात करने पड़े। काफी जद्दोजहद करने के बाद शनिवार शाम सात बजे तक वाहन कछुआ चाल से आगे सरकने को मजबूर थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रानीताल से कांगड़ा तक करीब एक से डेढ़ हजार वाहन फंसे रहे। सुबह करीब दो घंटे जाम लगा जबकि शाम को चार घंटे से भी ज्यादा समय तक जाम लगा रहा। बाथू पुल से दौलतपुर तक भूस्खलन हो गया। इसके चलते मार्ग वन वे कर दिया गया। ऐसे में समस्या और बढ़ गई।
जाम का कारण रानीताल से कांगड़ा के बीच सड़क पर जगह-जगह बनाई जा रही पुलियां और श्रावण अष्टमी के मेले होना बताया जा रहा है। करीब दो माह पहले भी इस मार्ग पर ऐसी ही स्थिति उत्पन्न हुई थी। स्थानीय लोगों अनिल कुमार, रमेश चंद, निरवेर सिंह, विजय कुमार आदि ने बताया कि इस सड़क पर पुलियों का निर्माण कार्य काफी धीमी गति से चला हुआ है। इससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। बारिश के मौसम में इस मार्ग पर फिर से जाम लग सकता है। डीएसपी अशोक वर्मा ने बताया कि स्थिति को नियंत्रित करने की पूरी कोशिश की गई।

हरिपुर कॉलेज में नामांकन 13 को
हरिपुर (कांगड़ा)। हरिपुर कॉलेज के प्राचार्य डा. अशोक अवस्थी ने कहा कि कॉलेज में 17 अगस्त को सुबह साढ़े नौ से दोपहर 2 बजे तक मतदान करवाया जाएगा। आपत्तियां 12 अगस्त को दोपहर 1 बजे तक दर्ज कराई जा सकती हैं। 13 अगस्त को छात्र नामांकन सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक भर सकते हैं। उम्मीदवारों की सूची 13 अगस्त को दोपहर 2 बजे तक नोटिस बोर्ड पर लगा दी जाएगी। 14 अगस्त को उम्मीदवार सुबह साढ़े 11 बजे तक नामांकन वापस ले सकते हैं। साढ़े 12 बजे उम्मीदवारों की अंतिम सूची नोटिस बोर्ड पर लगा दी जाएगी।
मतदान के दिन दोपहर 3 बजे के बाद मतपत्रों की गणना की जाएगी। इस मौके पर डा. उमेश दत्त, डा. एचएल धीमान, डा. प्रभात शर्मा और प्रो. कर्ण सिंह पठानिया आदि उपस्थित रहे।

Related posts