
घुमारवीं (बिलासपुर)। जनपद के घुमारवीं उपमंडल में आधी रात को एक नाबालिगा अपने घर से लापता हो गई है। रसोईघर में सोई नाबालिगा के लापता होने से परिवार वाले चिंतित हो उठे हैं। भराड़ी थाना में नाबालिगा के पिता ने शिकायत दर्ज करवाते हुए किसी युवक पर उसकी बेटी को बहला-फुसला कर अगवा करने का शक जाहिर किया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने भादंसं की धारा 363 और 366 के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस को सौंपे शिकायतपत्र में भराड़ी इलाके से सटे एक गांव के व्यक्ति ने कहा है कि शुक्रवार रात्रि वह अपने कमरे में सोए थे। जबकि उसकी नाबालिग बेटी रसोई घर में। आधी रात करीब डेढ़ बजे उनके छत्त पर पत्थर मारने की आवाज आई। उसने रसोईघर का दरवाजा खोला तो अपनी बेटी को वहां से गायब पाया। पिता ने आरोप लगाया है कि कोई उसे बहला-फुसलाकर भगा गया है। उसकी शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
थाना प्रभारी विजय कुमार ने बताया कि पिता की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की टीमें नाबालिगा की तलाश को भेजी गई है। जल्द ही उसका पता चल सकेगा।
