
कुमारसैन (शिमला)। यहां के मेन बाजार के साथ लगे मकान में देर रात एक जोरदार धमाका हुआ, जिससे घर के पांच दरवाजे और चार खिड़कियां टूट कर पड़ोसी के आंगन में जा गिरीं। धमाके की आवाज से आसपास दहशत का माहौल बन गया। लोग धमाके का शोर सुनकर घटना स्थल पर पहुंच गए, लेकिन धमाके का कोई सुराग नहीं लग पाया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार जगमोहन वर्मा के मकान में रविवार आधी रात को एक जोरदार धमाका हुआ। इससे उनके घर के दरवाजे और खिड़कियां टूट गईं। धमाका इतना जोरदार था कि मकान को भी दरारें पड़ गईं। हालांकि, अभी तक धमाके के कारणों का कोई सुराग नहीं लग पाया। प्रशासन की ओर से हादसे की जांच के लिए जुन्गा लैब से दो सदस्यों की टीम घटना स्थल पर पहुंची और हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए सैंपल भरे। इधर, हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन की ओर से नायब तहसीलदार लायक राम शर्मा ने मौके पर पहुंचकर प्रभावित परिवार को फौरी राहत के रूप में पांच हजार रुपये दिए। मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी रामपुर सुनील नेगी ने कहा कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। जबकि, फोरेंसिक लैब के लिए सैंपल लिए गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद ही हादसे के कारणों का पता लग पाएगा।
