आधा दर्जन संपर्क सड़कों पर यातायात ठप

बिलासपुर/ झंडूता। बिलासपुर में अरसे बाद मूसलाधार बारिश हुई। रातभर हुई बारिश के कारण जिले में जनजीवन बुरी तरह से ठप हो गया है। जिला की आधा दर्जन से अधिक संपर्क सड़कों पर यातायात ठप है। अन्य कई सड़कों पर ल्हासे और पत्थर गिरने से यात्रा जोखिम भरी हो गई है। झंडूता में डंगा गिरने के कारण एक व्यक्ति के मकान को खतरा पैदा हो गया है।
बारिश से जिले के नम्होल-बहादुरपुर, राजघाट-साईमैगजीन, थाच-नैरी, बनेण-जगातखाना रूटों पर यातायात पूर्ण रूप से ठप हो गया है। इन संपर्क सड़कों पर आज वाहन नहीं चल सके। सड़कों पर जगह-जगह ल्हासे गिर गए हैं। पत्थरों और बड़ी-बड़ी चट्टानों के गिरने से सड़कें बंद हैं। लोनिवि ने सड़क मार्ग बहाल करने के लिए मशीनरियां लगा ली है। झंडूता के अंतर्गत झंडूता-कलौल-घुमारवीं सड़क मार्ग पर मांडवा के समीप ल्हासे गिरने से दिनभर यातायात ठप रहा। झंडूता के तहत भल्लू-बिलौर सड़क पर भी यातायात ठप है। झंडूता-शाहतलाई सड़क पर देर शाम को यातायात छोटे वाहनों के लिए ही खुल सका। यातायात बंद रहने के कारण कई लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इसके अलावा कुठेड़ा सड़क भी पनोहा के समीप ल्हासा गिरने के कारण लगभग एक घंटे तक बंद रहा। चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाइवे समेत अन्य कई सड़कों पर ल्हासे गिरने के कारण सफर करना खतरनाक हो गया है। कंदरौर से पनोह-फटोह, शहर के संपर्क मार्गों, पंतरेहड़ा और क्यारी जैसे सड़कों पर मलबा गिरने से नालियां ब्लॉक हैं। लोनिवि के अधिशासी अभियंता सीएल गुप्ता ने कहा कि सड़क मार्ग बहाल करने के लिए मशीनरियां लगा दी हैं। जल्द ही सड़कें बहाल की जाएंगी। झंडूता के बड़ा बिलौर में प्रेम सिंह के मकान का डंगा ढहने के कारण मकान को खतरा पैदा हो गया है। स्थानीय पंचायत के प्रधान राकेश चंदेल ने इलाके का दौरा कर प्रशासन को इसकी जानकारी दी है। डंगा गिरने से मकान को खतरा पैदा हो गया है।

Related posts