आधा दर्जन भवनों पर गरजी जेसीबी

काशीपुर। हाईकोर्ट के आदेश पर प्रशासन ने काफी जद्दोजहद के बाद मंगलवार को लक्ष्मीपुर माइनर से अतिक्रमण हटाना शुरू कर दिया। अतिक्रमणकारियों द्वारा अभियान के दौरान तरह-तरह की अटकलें लगाई गई, परंतु अभियान का नेतृत्व कर रही एडीएम निधि यादव के सख्त रुख के चलते अभियान चला। पहले दिन आधा दर्जन निर्माणों पर जेसीबी मशीन गरजी। तकरीबन एक दर्जन अतिक्रमणकारियों ने अपना अतिक्रमण स्वयं हटाने का समय लिया। सभी चिह्नित अतिक्रमण हटाने तक अभियान जारी रहेगा।
समाजसेवी अनिल माहेश्वरी की जनहित याचिका पर हाईकोर्ट ने 17 दिसंबर 2012 को अपने निर्णय में प्रशासन को 17 जुलाई 2013 तक अतिक्रमण हटाने का निर्देश जारी किया था, परंतु प्रशासन की सुस्ती के चलते अभियान हाईकोर्ट द्वारा दी गयी तारीख से एक दिन पहले शुरू हुआ। डीएम के निर्देश पर एडीएम निधि यादव के नेतृत्व में सिंचाई विभाग, नगर निगम, राजस्व विभाग के अधिकारियों की एक टीम बनाई गई। टीम ने मंगलवार सुबह 10 बजे रामनगर रोड स्थित हीरो होंडा शोरूम के पीछे कांग्रेसी नेता आशु टंडन के आवास के पीछे लक्ष्मीपुर माइनर पर किए गए अतिक्रमण को हटाने से शुरुआत की। टंडन ने अतिक्रमण हटाने के लिए समय मांगा परंतु एडीएम ने साफ इंकार कर दिया और अतिक्रमण हटवाया। इसके बाद डा. बीएन टंडन, डीके शर्मा का अतिक्रमण तोड़ा गया। डा. डीके अग्रवाल का अतिक्रमण आंशिक रूप से तोड़ा गया उन्होंने इसके लिए समय मांग लिया। इसके बाद कटोराताल स्थित सिंचाई विभाग की कालोनी में अवैध रूप से बने तीन-चार घरों का अतिक्रमण हटाया गया। इसी दौरान जिंदल सॉल्वेंट, हिमगिरी, सचिन अग्रवाल, रईसा बेगम, प्रबंधक माइको एंड माइको, राजू पुत्र नन्हें सहित तीन-चार अन्य लोगों ने 2-3 दिन के अंदर अपना अतिक्रमण स्वयं हटाने का लिखित में समय लिया। अभियान के दौरान कई अतिक्रमणकारी घरों पर ताला लगाकर खिसक गए। एक अतिक्रमणकारी ने तो अतिक्रमण वाले स्थान पर कार रखी थी जिसे धक्का मारकर हटाकर अतिक्रमण तोड़ा गया।
अभियान में सिंचाई विभाग के ईई आरएस आर्या, एई बीएस बिष्ट, जिलेदार चंद्रशेखर कांडपाल, जयकिशन शर्मा, मुख्य नगर अधिकारी-प्रभारी एसडीएम इवा सहाय, सहायक नगर अधिकारी नरेंद्र कुमार, मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी डा.टीके शर्मा, स्वास्थ्य अधिकारी हेम जोशी, कार्यालय अधीक्षक विकास शर्मा, सुरेश बेदी, प्रभारी तहसीलदार गौरव चटवाल, लेखपाल प्रेम सिंह आदि मौजूद थे।

Related posts