
लंबागांव (कांगड़ा)। जयसिंहपुर के अंतर्गत सरालपट्ट, थपला, सोलबनेहड़ और झुंगादेवी गांवों के लोग बिजली की कम वोल्टेज से मुश्किल में हैं। वोल्टेज इतनी कम है कि घरों में ट्यूबलाइट भी नहीं जल पा रही है।
ग्राम सुधार सभा धुपक्यारा के प्रधान रमेश चौहान ने बताया कि इस समस्या को लेकर लोग बिजली बोर्ड के वरिष्ठ अधिशासी अभियंता से भी मिल चुके हैं। अटल ग्राम सुधार सभा के प्रधान रमेश चौहान, ओमप्रकाश, शर्मा, भागीरथ शर्मा, शांति स्वरूप शर्मा, द्धारका प्रसाद, जोगेंद्र कुमार और सुरेंद्र कुमार ने बिजली बोर्ड से गुहार लगाई है कि इन गांवों में वोल्टेज की समस्या से निजात दिलाने के लिए नया ट्रांसफार्मर लगाया जाए। एसडीओ जयसिंहपुर रविंद्र परमार ने कहा कि यह बात उनके ध्यान में है और इन गांवों के लिए ट्रांसफार्मर रिपेयर के लिए भेजे गए हैं। जल्द ही ट्रांसफार्मर लगा दिया जाएगा।
