आधा दर्जन गांवों में रसोई गैस आपूर्ति बंद

सरकाघाट (मंडी)। उपमंडल में रसोई गैस की समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। बरच्छवाड़ और नबाही पंचायतों के आधा दर्जन गांवों में दो माह से बंद रसोई गैस की आपूर्ति अभी तक बहाल नहीं हो पाई है। ग्रामीणाें को बार-बार गैस एजेंसी कार्यालय के चक्कर काटने पड़ रहे हैं। प्रभावित गांवों में गत 23 जुलाई को गैस आपूर्ति हुई थी। इसके बाद से यहां गैस आपूर्ति नहीं हो सकी है। ग्रामीणों का कहना है कि जब गैस एजेंसी के कार्यालय में फोन करते हैं तो कोई भी फोन नहीं उठाता। एसडीएम की ओर से गत 13 सितंबर को बलद्वाड़ा और सरकाघाट गैस एजेंसी के प्रबंधकों तथा खाद्य एवं आपूर्ति निगम के मंडी स्थित क्षेत्रीय प्रबंधक एवं निरीक्षक तथा पंचायत प्रधानों के साथ समस्या को देखते हुए एक बैठक हुई थी। इस दौरान एसडीएम ने उपभोक्ताआें को गैस आपूर्ति समय पर करने के एजेंसी को आदेश दिए थे। साथ ही गैस एजेंसी को कार्यालय में अतिरिक्त फोन लगाकर लोगाें की गैस बुकिंग को दर्ज करने की हिदायत दी थी, लेकिन नौ दिन में ही इस बैठक में लिए गए निर्णयाें की हवा निकल गई है। क्षेत्र के दलजीत गुलेरिया, राम नाथ, जीवन लाल, जगदीश चंद, अमर नाथ, सालीग्राम, सुखराम, रामभज, विरेंद्र कुमार, कृष्ण चंद, हरी चंद, जयदेव आदि का कहना है कि दो माह से गैस एजेंसी की ओर से गैस की डिलीवरी नहीं की गई है। इससे बरच्छवाड़, ठारू, तताहर, थमेड़ा, सरोहली, टांधरी चम्यायु तथा सूरजपुर बाड़ी गांवाें के बाशिंदे परेशानी से जूझ रहे हैं। लोगाें ने रसोई गैस की आपूर्ति शीघ्र करने का आग्रह किया है। इस बारे में एजेंसी के क्षेत्रीय प्रबंधक कपिल गुप्ता का कहना है कि प्रभावित गांवों में जल्द गैस की आपूर्ति की जाएगी।

Related posts