
करियां (चंबा)। ग्राम पंचायत करियां के आधा दर्जन गांव में पिछले तीन सप्ताह से पानी नहीं मिल रहा है। इसमें गुवाड़, बनाड़, ठत्ती, लूणू, तेरहुई, लठैण और तण्हौता गांव शामिल हैं। ग्रामीणों तिलक, विपन, उत्तम सिंह, पवन, ओम प्रकाश, योग सिंह, शक्ति, बंटू, देवी सिंह और तेज सिंह का कहना है कि इन गांवों में पिछले 20 दिन से पानी नहीं आ रहा है। इससे स्थानीय लोगों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों को पीने के लिए पानी रावी नदी से भरकर लाना पड़ रहा है। इसके लिए लोगों को आने जाने के लिए लगभग आधा किमी की दूरी तय करनी पड़ रही है। पशुओं को भी पानी पिलाने के लिए रावी नदी में लेकर आना पड़ रहा है। इससे लोगों को काफी दिक्कतें पेश आ रही हैं। घरमाणी से खडपरेई के लिए बनाए जा रहे लिंक रोड का मलवा उनके पानी के स्रोत में फेंका जा रहा है। इससे पानी की पाइपें मलबे में धंस गई हैं। साथ ही लोगों के घरों में लगे नलकों में पानी नहीं पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि कई बार ग्रामीण आईपीएच विभाग के अधिकारियों को इस समस्या से अवगत करवा चुके हैं। अभी तक उनकी समस्या का कोई भी हल नहीं निकला है। उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की है कि उनकी समस्या का जल्द से जल्द समाधान किया जाए।
आइपीएच विभाग के एसडीओ अमरीश गर्ग ने बताया कि लोनिवि ने सड़क निर्माण का मलबा पानी के स्त्रोत में फेंक दिया है। इस संबंध में लोनिवि के अधिकारियों को नोटिस दिया जाएगा। पेयजल व्यवस्था को जल्द सुचारू करवाया जाएगा।
