
चुवाड़ी (चंबा)। उपमंडल मुख्यालय के अलावा साथ लगते आधा दर्जन गांवों में पेयजल किल्लत चल रही है। यहां पर नलों में पानी आए चार दिन हो गए हैं। इस कारण ग्रामीणों को प्राकृतिक जल स्रोतों से ही पानी भरकर लाना पड़ रहा है। जानकारी के अनुसार जतरुण, परवाई, जंगला, नरोला व ददरियाडू सारणा गांवों के लोग पानी की किल्लत का सामना करना पड़ रहा है। उधर, विभाग की दलील है कि इलाके में पानी की कोई भी किल्लत नहीं है। पेयजल किल्लत के बारे में किसी ने भी उन्हें अवगत नहीं करवाया है। वहीं शहर में लगे दर्जन भर हैंडपंप भी खराब हैं। विभाग ने इन हैंडपंपों को ठीक करने के लिए कोई योजना नहीं बनाई है। इस कारण गर्मी के मौसम में पेयजल समस्या विकराल रूप धारण कर रही है। शहर के वार्ड नंबर चार में भी पेयजल किल्लत चल रही है। इस कारण शहरवासी भी परेशान हैं। ग्रामीणों सरवण सिंह, प्रवीण सिंह, अजय, केवल, पवन सिंह, सागर सिंह, राजेंद्र, होशियार सिंह, गांधी राम, पवन, अशोक, तिलक, वार्ड नं. चार के किशोरी लाल, मदन लाल, लाल सिंह, जरनैल सिंह, घनश्याम व सूरज सिंह ने बताया कि पेयजल किल्लत पिछले चार दिन से चल रही है। नलों में एक बूंद भी पानी नहीं आया है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक जल स्रोतों से पानी भरकर लाना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि इस समस्या के बारे में भी आईपीएच विभाग को सूचित किया गया है। वहीं, एसडीओ कैप्टन अमित डोगरा ने बताया कि जल्द ही समस्या का हल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि समस्या अभी तक लिखित तौर पर दर्ज नहीं करवाई गई है।
