
शिमला। में लगातार खबरें छपने के बाद आखिरकार नगर निगम को जागना ही पड़ा। शनिवार को नगर निगम ने दमकल वाहन के साथ लोअर बाजार का दौरा किया। 11:15 बजे टीम ने उपायुक्त दफ्तर की ओर से अभियान शुरू किया। आधा किलोमीटर में दमकल वाहन करीब छह बार दुकानों के छज्जों में फंस गया। इतने से सफर में वाहन को एक घंटे से ज्यादा वक्त लग गया। खासकर उपायुक्त कार्यालय के पास, सुरंग के पास, सब्जी मंडी को जाने वाले मार्ग के पास और शेरे पंजाब से सब्जी मंडी को जाने वाले मार्ग के पास दमकल वाहन फंस गया। कड़ी मशक्कत के बाद वाहन को चींटी की चाल आगे सरकाया गया।
निगम की तहबाजारी शाखा ने एक यूटिलिटी वाहन और एक दमकल वाहन को लेकर दौरा किया। टीम के आने की सूचना पूरे बाजार में फैल गई। तहबाजारियों ने अपना सामान समेटना शुरू कर दिया। कारोबारियों ने सड़क पर रखे सामान को अंदर करना शुरू कर दिया।
…
एमसी कर्मियों से भिड़े तहबाजारी
नगर निगम टीम के सब्जी मंडी के पास पहुंचते ही दो तहबाजारियों ने सामान जब्त करने का विरोध किया। दोनों तहबाजारी निगम टीम के साथ सामान उठाने को लेकर भिड़ गए। बाजार के कारोबारियों ने बीच बचाव कर माहौल शांत करवाया।
एकतरफा कार्रवाई भी हुई
लोअर बाजार की सड़क में दुकानें सजाने वालों के खिलाफ की गई नगर निगम की कार्रवाई कई जगह एकतरफा भी रही। तहबाजारियाे का सामान जहां देखते ही जब्त कर लिया गया, वहीं दुकान के बाहर सामान सजाने वाले कारोबारियों को सामान अंदर करने का पूरा मौका दिया गया।
सामान उठाकर भागे तहबाजारी
नगर निगम टीम के बाजार में पहुंचते ही तहबाजारी अपना सामान सुरक्षित स्थानों में रखने में जुट गए। लोअर बाजार से माल रोड को जाने वाली सीढ़ियों में सामान को छिपाया गया। कई तहबाजारियों का इस दौरान सामान सड़क पर भी गिर गया।
आगे भी जारी रहेगा अभियान
निगम की संपदा शाखा के निरीक्षक ओपी ठाकुर ने बताया कि निगम का यह अभियान आगामी दिनों में भी जारी रहेगा। तहबाजारियों को बाजार में न बैठने के सख्त निर्देश दिए गए हैं। कई तहबाजारी तो मौके से भाग गए। जो सड़क पर मिले, उनका सामान जब्त किया गया। कारोबारियों को अतिक्रमण न करने की हिदायत भी दी गई है।
