आधार को नहीं आ रहा नंबर

धर्मशाला। जिला मुख्यालय में आधार कार्ड बनाने के लिए सोमवार को पूरा दिन खूब मारामारी रही। सैकड़ों लोग किराया खर्च कर आधार कार्ड बनाने धर्मशाला पहुंचे, मगर पूरे दिन में 80 के करीब लोगों के लिए आधार कार्ड बन पाए। सुबह ही लोग लाइनों में खड़े होकर बारी का इंतजार करने लगे। दोपहर के बाद बारिश शुरू होने के बावजूद लोग अपनी बारी का इंतजार करते रहे। देर शाम तक नंबर न आने के कारण कई लोगों को फिर खाली हाथ घर लौटना पड़ा। उधर, आधार कार्ड बनवाने पहुंचीं दो महिलाओं की तबीयत भी बिगड़ गई। उन्हें भी बिना आधार कार्ड बनवाए ही घर लौटना पड़ा।
पहली सितंबर से शुरू हुई डीबीटी स्कीम व बैंकों में बिना आधार के लेनदेन बंद होने के कारण भी लोग आधार कार्ड बनवाने पहुंच रहे हैं। बताया जा रहा है कि कार्यालय में पहले दो ही कंप्यूटर थे, अब एक और कंप्यूटर की सुविधा मिलने पर भी समस्या का हल नहीं हो पाया है। लोग आधार कार्ड बनाने के लिए रात को ही सूची दरवाजे पर चस्पा कर जा रहे हैं। इसके बावजूद लोगों के आधार कार्ड नहीं बन पा रहे हैं। सोमवार को भी पालमपुर और शाहपुर से लोग आधार कार्ड बनवाने आए थे। लंबा इंतजार करने के बाद लोगों के आधार कार्ड नहीं बन पाए।

दो और कंप्यूटर लगवाए जाएं
लोगों का तर्क है कि कार्यालय काफी छोटा है। कार्यालय में दो और कंप्यूटर लगवाए जाएं। इससे लोगों को आधार कार्ड बनवाने में सुविधा मिलेगी। द्रीणी बरेहड़ निवासी विक्रम सिंह ने बताया कि उनका आधार कार्ड अभी तक नहीं बन पाया है। वह पिछले दस दिन से आधार कार्ड बनवाने धर्मशाला आ रहे हैं। नैणु राम निवासी द्रीणी बरेहड़ ने बताया कि वह अपंग हैं। उन्होंने बताया कि उन्हें आधार कार्ड बनवाने में काफी परेशानी पेश आ रही है।
अन्य जगह भी देंगे सुविधा
एसडीएम धर्मशाला डा. हरीश गज्जू का कहना है कि लोगों की समस्या का हल किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कार्यालय में और कंप्यूटर मुहैया करवाने को लेकर विचार किया जा रहा है। इसके अलावा जिला की अन्य जगहों में भी आधार कार्ड बनाने की सुविधा दी जाएगी।

Related posts