आधार कार्ड में त्रुटियों की भरमार

देहरागोपीपुर (कांगड़ा)। आधार कार्ड लोगों के लिए सुविधाजनक कम और परेशानी का सबब ज्यादा बन रहे हैं। अधिकतर बन चुके आधार कार्डों में त्रुटियों की भरमार है। लोगों को इन गलतियों को ठीक करवाने के लिए काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है। पहले लोग इन त्रुटियों को ब्लॉक कार्यालयों में खुले संबंधित कंपनी के कर्मचारियों के पास जाकर ठीक करवा लेते थे। अब संबंधित कंपनी के साथ सरकार का एग्रीमेंट समाप्त हो जाने से लोग इन त्रुटियों को ठीक करवाने को लेकर असमंजस में हैं कि क्या करें और क्या न करें। वैसे भी जनता कार्डों के बीच उलझ कर रह गई है। कभी राशन कार्ड तो कभी वोटर कार्ड तथा पैन कार्ड और अब आधार कार्ड। स्थानीय निवासी पूनम कुमारी, श्यामली देवी, बिंदू कुमारी, नीलम कुमारी, रमेश चंद, दिनेश कुमार आदि ने बताया कि आधार कार्ड में कई त्रुटियां हैं। कहीं पर उपनाम गलत छापा गया है तो कहीं जन्मतिथि गलत है। कई जगह स्पेलिंग ही गलत लिखी गई है। उनका कहना है कि अब इन त्रुटियों को कहां ठीक करवाएं, उन्हें समझ में नहीं आ रहा है। लोगों का आरोप है कि आधार कार्ड बनाते समय संबंधित कंपनी के कर्मचारियों ने सारे आंकड़े सतर्कता के साथ कंप्यूटर में फीड नहीं किए। लोगों ने प्रदेश सरकार और प्रशासन से मांग की है कि शीघ्र ही इस समस्या का हल निकाला जाए। उधर, बीडीओ देहरा मुनीष कुमार का कहना है कि यदि आधार कार्ड में कोई गलती है तो लोग गूगल पर जाकर यूआईडीएआई लिखकर इंटर की दबाएं। इसके बाद यूआईडीएआई (यूनिक आइडेंटिफिकेशन अथॉरिटी आफ इंडिया) की अधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आधार कार्ड की त्रुटियों को ठीक कर सकते हैं। इसके अलावा लोग अपने निकटतम लोकमित्र केंद्र या किसी इंटरनेट कैफे में जाकर इन त्रुटियों को ठीक करवा सकते हैं।

Related posts