
देहरागोपीपुर (कांगड़ा)। जिले में आधार कार्ड बनना बंद हो गए हैं। ऐसे में जिनके आधार कार्ड नहीं बने पाए, वे परेशान हो गए हैं। लोग आए दिन आधार कार्ड बनाने के लिए संबंधित ब्लॉक कार्यालयों में चक्कर काट रहे हैं। जिला कांगड़ा में अभी तक करीब 70 फीसदी लोग ही आधार कार्ड बनवा पाए हैं। शेष करीब 30 फीसदी लोग आधार कार्ड बनाने से चूक गए हैं। जिला कांगड़ा के कई इलाकों में आधार कार्ड इसी साल के शुरूआती माह में बनना शुरू हुए थे। जिला कांगड़ा की कुल आबादी 15 लाख 10 हजार के आसपास है। इतनी बड़ी आबादी के आधार कार्ड बनाने के लिए यह समय काफी नहीं था।
केंद्र सरकार ने कई सरकारी सुविधाओं का लाभ उठाने के लिए आधार कार्ड अनिवार्य किया है। इसमें घरेलू गैस सिलेंडर की सब्सिडी भी शामिल है। अब जिले में आधार कार्ड बनना बंद हो गए हैं तो ऐसे में बिना आधार कार्ड वाले लोग कई सरकारी सुविधाओं से वंचित रह जाएंगे।
आधार कार्ड बनना आठ नवंबर से बंद हो चुके हैं। सूत्रों के मुताबिक संबंधित कंपनी के कर्मचारी संबंधित ब्लॉक कार्यालयों से अपना बोरिया बिस्तर बांध कर जा चुके हैं। देहरा और परागपुर ब्लॉक कार्यालयों में आधार कार्ड बनाने पहुंचे कमलजीत सिंह, विजय कुमार, सतीश कुमार, दिनेश कुमार, पवन कुमार, संजीव कुमार और तरसेम कुमार ने बताया कि वे अभी तक आधार कार्ड नहीं बनवा पाए हैं। अब बताया जा रहा है कि आधार कार्ड बनना बंद हो गए हैं। आधार कार्ड न बनने से काफी परेशानी उठानी पड़ सकती है। बताया जा रहा है कि आधार कार्ड बनाने वाली संबंधित कंपनी के साथ तय एग्रीमेंट समाप्त हो चुका है। इसके बाद आधार कार्ड बनना बंद हुए हैं। सूत्र के अनुसार संबंधित कंपनी के आधार कार्ड बनाने वाले कर्मचारियों को समय पर वेतन नहीं मिल रहा था। इस कारण भी आधार कार्ड बनना अचानक बंद हो गए।
एसडीएम देहरा विनय कुमार ने बताया कि आठ नवंबर से आधार कार्ड बनना बंद हो चुके हैं। दोबारा आधार कार्ड कब बनेंगे कुछ नही कहा जा सकता। ऊपरी स्तर पर ही, इसको लेकर कोई फैसला हो सकता है।
इसी सप्ताह करेंगे समीक्षा बैठक : रोहन
जिला कांगड़ा के अतिरिक्त उपायुक्त रोहन चंद ठाकुर ने बताया कि आठ नवंबर को संबंधित कंपनी का करार सरकार के साथ खत्म हो गया है। कंपनी के कुछेक कर्मचारी भी छोड़कर चले गए हैं। एडीसी ने बताया कि इसी सप्ताह आधार कार्ड को लेकर कंपनी के प्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें शेष आधार कार्ड की एनरोलमेंट को लेकर चर्चां होगी।
