आधार कार्ड के फेर में फंसी छात्रवृत्ति

रोहड़ू। प्रदेश शिक्षा बोर्ड के मेधावी छात्रों का स्कालरशिप आधार कार्ड के फेर में फंस गया है। बिना आधार कार्ड दसवीं और दस जमा दो की कक्षा के मेधावी छात्रवृत्ति के लिए ऑनलाइन आवेदन नहीं कर पा रहे हैं। शिक्षा बोर्ड ने भी छात्रवृत्ति के लिए पात्रों की सूची जारी नहीं की है। आवेदन के लिए मात्र अंतिम दिन बचा है।
शिक्षा बोर्ड की ओर से दसवीं और 12वीं में करीब दो हजार मेधावी छात्रों को छात्रवृत्ति मिलनी है। शिक्षा बोर्ड ने स्कूलों को निर्देश दिए हैं कि टॉपर छात्रों की सूची ऑनलाइन मिलेगी लेकिन अभी तक पात्र छात्रों की सूची जारी नहीं हुई है। बोर्ड ने ही आवेदन की अंतिम तारीख 15 अगस्त तय की है। 90 प्रतिशत से अधिक अंक पाने वाले छात्रों ने स्कूलों में आवेदन किया तो आधार कार्ड बिना छात्रवृत्ति मंजूर नहीं हो रही है। दसवीं कक्षा में टॉपर रहे छात्र आर्यन झामटा, अभिनव, प्रवीण कुमार, जगदीप ने कहा कि उनके आधार कार्ड नहीं पहुंचे हैं। बिना आधार कार्ड छात्रवृत्ति के आवेदन ऑनलाइन मंजूर नहीं हो रहे हैं। शिक्षा बोर्ड ने भी सूची जारी नहीं की है। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रोहड़ू के प्रधानाचार्य हरिंद्र पाल चौहान ने बताया कि शिक्षा बोर्ड की ओर से छात्रवृत्ति पाने वाले छात्रों की सूची जारी नहीं हुई है। बिना आधार कार्ड आवेदन भी जमा नहीं हो रहे हैं। आवेदन की तारीख 15 अगस्त है।
शिक्षा बोर्ड के सचिव बलबीर तेगटा ने बताया कि रिवाल्वेशन में देरी के कारण छात्रवृत्ति पाने वाले छात्रों की सूची जारी नहीं हो सकी है। एक दिन के अंदर सूची को जारी करने के आदेश कर दिए गए हैं।

Related posts