आधारभूत सुविधाओं के पुनर्निर्माण को बैठक कल

काशीपुर। पीएचडी चैंबर ऑफ फार्मस एंड इंडस्ट्रीज की एक बैठक में आपदा से प्रभावित क्षेत्र के विकास को शुरू करने के लिए मुख्यमंत्री से मुलाकात करने का निर्णय लिया गया। साथ ही तय किया गया कि सीएम से पर्यटन सहित औद्योगिक विकास को लेकर चर्चा होगी।
बुधवार को पीएचडी चैंबर की बैठक में उत्तराखंड सह अध्यक्ष राजीव घई ने कहा कि ऐतिहासिक त्रासदी से प्रदेश का विकास पूरी तरह से रुक गया है। पर्वतीय क्षेत्रों में पर्यटन, कृषि बुरी तरह से प्रभावित हुई है, लेकिन अभी तक प्रदेश सरकार वहां की जनता को मूलभूत सुविधा देने की योजना ही बनाने में लगी है। उधर देश में छाई आर्थिक मंदी से राज्य के सभी उद्योग प्रभावित हुए हैं। घई ने कहा कि मुख्यमंत्री से पर्यटन को सर्विस टैक्स से मुक्त करने और कृषि, बागवानी, जड़ी-बूटी, पर्वतीय क्षेत्र में उत्पादित अथवा विक्रय होने वाले तैयार माल आधारित उद्योगों को बीती मई से दो वर्ष तक 5 प्रतिशत ब्याज की छूट, केंद्रीय औद्योगिक नीति लागू करने आदि की मांग प्रमुखता से की जाएगी।
सदस्यों ने 23 अगस्त को देहरादून में मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव, प्रमुख सचिवों के साथ बैठक आयोजित करने पर मंडी परिषद अध्यक्ष डा. शैलेंद्र मोहन सिंघल का आभार जताया। बैठक में जितेंद्र संगल, पवन कुमार अग्रवाल, शरद गोयल, वीके सिंह आदि मौजूद थे।

Related posts