
धर्मशाला। जिले में कई सर्किट बेंच खोले जाने पर धर्मशाला बार एसोसिएशन लगातार विरोध जता रही है। जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष एडवोकेट टेक चंद राणा ने कहा कि आधारभूत ढांचे के बिना जिला कांगड़ा में 15 से 16 किमी की दूरी पर सर्किट बेंच खोल दिए गए हैं। जिला कांगड़ा में सात सर्किट बैंच खोल दिए गए हैं जो तर्कसंगत नहीं है। एसोसिएशन ने आरोप लगाया कि जिला में बैंच खोले जाने की कोई भी नोटिफिकेशन जारी नहीं की गई। बिना अधिसूचना के ही जिला में एक साथ कई सर्किट बैंच खोल दिए गए। बेंच खोलने से जिला न्यायालय धर्मशाला में कुल 66 मामले विचाराधीन बचे हैं। धर्मशाला में 350 के करीब अधिवक्ता हैं। एक ओर जनता के पैसे से सात करोड़ से एक भवन तथा तीन करोड़ की लागत से मेडिएशन भवन बनाया जा रहा है लेकिन दूसरी ओर धर्मशाला स्थित जिला न्यायालय से सभी केस सर्किट बेंचों में भेज दिए गए हैं। जनता के पैसे का दुरुपयोग न किया जाए। या तो धर्मशाला हाईकोर्ट सर्किट बैंच खोला जाए या फिर भवन निर्माण कार्य रोक दिया जाए। मंगलवार को जिला बार एसोसिएशन के सदस्यों ने रोष रैली निकालने के बाद पत्रकार वार्ता की। इस मौके पर सैकड़ों अधिवक्ताओं ने सड़कों पर उतरकर रोष प्रदर्शन किया।
