
दन्यां। भगवान शिव के धाम आदि कैलास की यात्रा के लिए चौथा जत्था जागेश्वर धाम से बुधवार सुबह अगले पड़ाव के लिए रवाना हुआ। इस दल में 18 यात्री शामिल हैं।
मंगलवार सायं चौथा जत्था जागेश्वर पहुंचा। यात्रियों ने रात्रि विश्राम जागेश्वर में किया। जागेश्वर धाम में पूजा-अर्चना के बाद आज सुबह यात्री टीआरसी दन्यां पहुंचे। यहां यात्रियों ने जलपान किया। टीआरसी पहुंचने पर यात्रियों का प्रबंधक लक्ष्मी दत्त पांडे, ललित लाल वर्मा, रमेश जोशी, गणेश पांडे आदि ने स्वागत किया। दल के जन संपर्क अधिकारी प्रेम सिंह ने बताया कि यात्रा में 18 यात्री शामिल हैं। इनमें 12 पुरुष और छह महिलाएं हैं। दल में सर्वाधिक सात यात्री राजस्थान, पांच महाराष्ट्र, दो पश्चिम बंगाल, तीन दिल्ली और एक यात्री गुजरात का है। विपरीत मौसम के बावजूद यात्रियों में आदि कैलाश यात्रा को लेकर काफी उत्साह है।
आदि कैलास यात्रा पर प्रथम बार जा रहे सुुभाष काम्ठे, प्रीति जागीरदार, वेद प्रकाश तूलवाल, संजय जोशी, चंद्र शेखर पंखावाला, झरना मांझी का कहना है कि उत्तराखंड प्रदेश दैवीय आपदा की दृष्टि से काफी संवेदनशील है परंतु सरकारी व्यवस्थाएं लचर हैं। दो दिन मौसम सामान्य रहने के बावजूद मार्ग अवरुद्ध हैं।
