आदमखोर मारने की मांग को लेकर एनएच जाम

हल्द्वानी। लमजाला तोक में तेंदुआ के हमले में मारी गई महिला उप प्रधान की मौत से स्थानीय लोगों का आक्रोश भड़क गया। ग्रामीणों ने बुधवार को आदमखोर तेंदुए को मारने और आरओ को हटाने की मांग को लेकर रानीबाग में नैनीताल राष्ट्रीय राजमार्ग जाम कर दिया। साथ ही वन विभाग का पुतला भी फूंका। बाद में डीएफओ के तेंदुए को मारने और मांगों पूरा करने के आश्वासन के बाद जाम खुला। इस दौरान नैनीताल एवं भीमताल मार्ग पर कई किलोमीटर तक लगे जाम में सैकड़ों वाहन और लोग फंसे रहे।
रानीबाग इलाके में करीब चार महीने से तेंदुए का आतंक बना हुआ है। आए दिन तेंदुआ लोगों पर हमला कर रहा है। मंगलवार को हमले में लमजाला तोक की उप प्रधान भगवती देवी की मौत हो गई। इससे लोगों का आक्रोश भड़क गया। लमजाला तोक और आसपास के लोगों ने आदमखोर तेंदुआ मारने, आरओ मनोरा को हटाने, रेस्क्यू सेंटर शिफ्ट करने की मांग को लेकर रानीबाग में वन विभाग के बैरियर के पास सुबह पौने दस बजे जाम लगा दिया और जंगलात के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। सड़क पर प्रदर्शन से एनएच और भीमताल मार्ग पर जाम लग गया। राजमार्ग बंद होने की सूचना पर सरकारी महकमों में खलबली मच गई। एसडीएम हरवीर सिंह, एसपी सिटी अमित श्रीवास्तव, सीओ लोकजीत सिंह और जंगलात के एसडीओ यूसी तिवारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों को समझाने का प्रयास किया। लेकिन, प्रदर्शनकारियों ने डीएम या डीएफओ के मौके पर आने और लिखित आश्वासन के बगैर हटने से इनकार कर दिया। बाद में डीएफओ नैनीताल डा. पराग मधुकर धकाते पहुंचे। उन्होंने सार्वजनिक तौर पर लोगों से माफी मांगी, इसके बाद जाम खुला।

Related posts