आदमखोर तेंदुए को मारो, वरना नहीं खोलेंगे जाम

गोहर (मंडी)। थुनाग तहसील के केवली गांव में बीती रात तेंदुए के हमले में महिला की मौत के बाद ग्रामीणों ने वीरवार सुबह थुनाग बाजार में आदमखोर तेंदुए को पकड़ने की मांग को लेकर चार घंटे चक्का जाम किया। गुस्साए लोगों ने सड़क पर प्रदर्शन करते हुए प्रशासन और वन विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। थुनाग में ग्रामीणों की ओर से चक्का जाम की सूचना मिलते ही गोहर से सभी प्रशासनिक अधिकारी थुनाग के लिए रवाना हुए। एसडीएम गोहर दिलेराम धीमान ने थुनाग पहुंचकर लोगों को भरोसा दिलाया कि जल्द खूंखार तेंदुए को मार दिया जाएगा। मौके पर पहुंचे डीएफओ नाचन बीके बाबू से भी लोग मामले को लेकर उलझे। लेकिन, एसडीएम, डीएफओ और एसएचओ गोहर नवीन झालटा ने लोगों को किसी तरह शांत कर जाम खुलवाया।
ग्रामीणों का कहना है कि आदमखोर तेंदुए के हमले से लोगों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। एक सप्ताह के भीतर ही तेंदुए तीन हमले कर चुका है। जिसमें दो महिलाओं को बुरी तरह नोच कर मारा डाला। वन विभाग की ओर से तेंदुए को पकड़ने के लिए कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। जिससे लोग दहशत के माहौल में जी रहे हैं। क्षेत्र निवासी मोहर सिंह ठाकुर और तेज सिंह ठाकुर ने बताया कि क्षेत्र में एक तेंदुआ नहीं है, बल्कि जगह जगह लोगों को दिन के समय तेंदुए दिखाई दे रहे हैं। घाटी में स्कूली बच्चे, किसान, बागवान, सरकारी कर्मचारी और महिलाएं तेंदुए के डर से घरों से बाहर नहीं निकल पा रहे हैं।
वीरवार रात केवली गांव में तेंदुए ने मणी देवी को उसके घर के आंगन से उठाकर समीप के खेतों में मार डाला था। आदमखोर तेंदुए का क्षेत्र में यह तीसरा जानलेवा हमला है। पहले हमले में थाचाधार गांव की 25 वर्षीय महिला को मार गिराया था। इसके बाद मंगलवार सुबह करीब तीन बजे जूही गांव के वृद्ध जेठू राम को भी शौच करती बार तेंदुए ने टांगों से नोच दिया था। वीरवार रात तीसरे हमले में केवली गांव की मणी देवी को तेंदुए ने घर के आंगन से उठाकर उसे मार डाला। इससे घाटी के लोग सहमे हुए हैं। उधर, वन विभाग ने भी थुनाग और इसके आसपास के जंगलों में आदमखोर तेंदुए की निशानदेही शुरू कर दी है। डीएफओ नाचन बीके बाबू ने दावा किया है कि शार्प शूटर जल्द तेंदुए को मार गिराएंगे। जंजैहली घाटी में लगातार हो रहे तेंदुए के हमलों से लोग खौफजदा हैं।

Related posts