
भीमताल। विकास खंड के चनौती ग्रामसभा के तोक गादे में आदमखोर गुलदार को मारने के लिए वन विभाग के शिकारियों की दी टीमों ने मोर्चा संभाल लिया है। साथ ही गुलदार को पकड़ने के लिए मौके पर पिंजरा भी लगाया जा चुका है।
बीते दिवस गुलदार ने गादे तोक में हल्दूचौड़ निवासी रेवती देवी (60) पत्नी स्व.टीकाराम को दिन दहाड़े मौत के घाट उतार दिया था। इससे पहले 23 जून को गुलदार ने गादे तोक के समीप के गांव मल्ला खैरोला में एक 12 वर्षीय मंजू को अपना निवाला बना लिया था। हफ्ते भर में एक के बाद एक दो लोगों को मौत के घाट उतारने से समूचे क्षेत्र में दहशत बनी हुई है।
प्रभागीय वनाधिकारी डा.पराग मधुकर धकाते ने बताया कि शुक्रवार को उप प्रभागीय वनाधिकारी उमेश चंद्र तिवारी के नेतृत्व में वन कर्मियों की टीम को मौके पर भेजा गया था। गुलदार को पकड़ने के लिए गादे गांव में घटनास्थल के समीप पिंजरा लगाया जा चुका है। जंगलियागांव निवासी शिकारी नंदन सिंह भी शस्त्र लेकर गांव में मोर्चा संभाल चुके हैं। वन दरोगा जगदीश चंद्र पालीवाल और रेंजर विपिन जोशी को भी दो डबल बैरल बंदूक देकर मौके पर भेजा गया है। इधर, उप प्रभागीय वनाधिकारी उमेश तिवारी ने शुक्रवार को गादे और आसपास के गांवों के ग्रामीणों के साथ बैठक कर उन्हें गुलदार से खुद की सुरक्षा के बारे में बताया गया।
कई दिन से अंधेरे में डूबा है गादे
भीमताल। चनौती ग्रामसभा का तोक गादे में पिछले कई दिनों से विद्युतापूर्ति ठप है। ग्रामीणों ने बताया कि कई बार विभागीय अधिकारियों से व्यवस्था में सुधार की मांग की जा चुकी है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। इधर, एसडीओ संजय प्रसाद का कहना है कि गादे तोक में राजीव गांधी विद्युतीकरण योजना की लाइन है, जो काफी पुरानी होने के कारण जीर्णशीर्ण है, उसे ठीक कराया जा रहा है।
तीन लाख अनुग्रह राशि का चैक सौंपा
भीमताल। डीएफओ पराग मधुकर धकाते ने बताया कि गुलदार के हमले में मारी गई रेवती देवी के परिजनों को शासन की ओर से तीन लाख रुपये अनुग्रह राशि का चेक सौंप दिया गया है।
