
पालमपुर (कांगड़ा)। कृषि विवि में अध्ययनरत रही छात्रा के बहुचर्चित आत्महत्या मामले में अब कृषि विवि प्रशासन ने अपने चुप्पी तोड़ दी है। विश्वविद्यालय के दो प्राध्यापकों पर प्रताड़ना के आरोपों की विवि विभागीय जांच करवाएगा।
छात्रा की आत्महत्या के बाद करीब एक सप्ताह बाद दिल्ली से पालमपुर पहुंचे कुलपति ने प्राध्यापकों पर लगे प्रताड़ना के आरोपों के तथ्यों को खंगालने पर एक तीन सदस्यीय कमेटी का गठन कर दिया है। यह कमेटी कुलपति को एक सप्ताह के अंदर अपनी रिपोर्ट सौंपेगी। कमेटी जो तथ्य कुलपति को देगी उसके आधार पर विवि अगली कार्रवाई करेगा। कमेटी में कृषि महाविद्यालय के डीन अध्यक्ष होंगे और रजिस्ट्रार व छात्र कल्याण अधिकारी इसके सदस्य बनाए गए हैं। सोमवार को पत्रकारों से रूबरू होते हुए कुलपति डा. एसके शर्मा ने कहा कि उन्होंने इस प्रकरण को लेकर एक तीन सदस्यीय कमेटी का गठन किया है। प्राध्यापकों पर लगे आरोपों के तथ्यों पर कमेटी उनके पास जो रिपोर्ट सौंपेंगी, उसके आधार पर ही अगली कार्रवाई होगी। कमेटी उन्हें एक सप्ताह के अंदर अपनी रिपोर्ट देगी। उन्होंने कहा कि विवि में शिक्षक छात्रों को हर मामले को लेकर गाइड करते रहते हैं, जिससे उन्हें कोई परेशानी न हो। फिर भी इसमें कोई खामी रही है तो उसे दूर किया जाएगा। लेकिन दुर्भाग्य है कि विवि में ऐसी घटना हुई है।
