
पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव और आगामी लोकसभा चुनाव की रणनीति बनाने तथा संगठनात्मक विषयों पर चर्चा के लिये भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की दो दिन की बैठक आज से यहां शुरू हो रही है। बैठक में देश की मौजूदा राजनीति,आर्थिक हालात , राष्ट्रीय तथा आंतरिक समस्या, सरकार की भ्रष्टाचार घोटालों और जनविरोधी नीतियों से बढी मंहगाई जैसे मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा होगी। इन सभी विषयों को समेटते हुये कार्यकारिणी में राष्ट्रीय सुरक्षा और स्वाभिमान तथा राजनीतिक स्थिति पर दो प्रस्ताव पारित किए जायेंगे।
राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह की नवगठित कार्यकारिणी की पहली बैठक हो रही है। बैठक का आरंभ सिंह के संबोधन तथा समापन रविवार को वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी के भाषण से होगा। आडवाणी की तबियत खराब होने के कारण उनके आज बैठक के उद्घाटन में भाग नहीं ले पाने की संभावना है। वह कल शाम पदाधिकारियों की बैठक में भी शामिल नहीं हो पाए थे। आडवाणी की अनुपस्थिति को गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी से उनकी कथित नाराजगी से जोड़ा जा रहा है। कार्यकारिणी की बैठक में मोदी को आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर चुनाव प्रचार की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है।
