
अल्मोड़ा। सिस्टर इंचार्ज के पद को राजपत्रित पद घोषित करने, ग्रेड-पे का एरियर भुगतान करने समेत आठ सूत्रीय मांगों को लेकर नर्सेस एसोसिएशन के आह्वान पर नर्सों की हड़ताल शुरू हो गई है। रविवार को नर्सों ने प्रात: आठ से दोपहर दो बजे तक एक ही शिफ्ट में कार्य किया। दो बजे बाद नर्से हड़ताल पर चली गईं। आंदोलित नर्सों ने महिला अस्पताल में एकत्र होकर सभा कर मांगों के समर्थन में नारेबाजी की।
जिला मुख्यालय की हड़ताली नर्सों की महिला अस्पताल में हुई सभा में वक्ताओं ने निदेशालय में अपर निदेशक, संयुक्त निदेशक, उप निदेशक के पदों का सृजन करने, कुमाऊं और गढ़वाल मंडल में एक-एक अपर निदेशक और संयुक्त निदेशक के पद का सृजन कर पदोन्नति करने, सरकारी नर्सिंग सेवकों को एमएससी नर्सिंग प्रशिक्षण में वरिष्ठता के आधार पर भेजने, बीएससी नर्सिंग और एमएससी नर्सिंग सेवकों को दो वेतनवृद्धि देने की मांग की।
उन्होंने 2008 से ग्रेड-पे का एरियर नहीं मिलने पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि जब तक मांग पूरी नहीं हो जाती आंदोलन चलता रहेगा। संगठन की अध्यक्ष निर्मला मेहरा ने दावा किया कि हड़ताल से अस्पतालों में मातृ और शिशु कल्याण, इंजेक्शन, दवाएं देने का कार्य बाधित रहा। प्रदर्शन में सरला खलझूनियां, उपाध्यक्ष रीता सिन्हा, सचिव सुरजीत कौर, उपसचिव बसंती जड़ौत, कमला आर्या, सरिता सनवाल, माहेश्वरी रजवार, जे सेमसन, शीला सागर, रमा कांडपाल, बीबा आर्या, भगवती नेगी, शांति सहगल, साधना बिष्ट, रीमा आदि ने भाग लिया। इधर मुख्य चिकित्साधिकारी डा. गीता शर्मा ने बताया कि हड़ताल के दौरान प्रशिक्षु नर्सों की अस्पताल में ड्यूटी लगाई गई है। ताकि मरीजों को असुविधा नहीं हो।
बागेश्वर में नर्सेज एसोसिएशन के आह्वान पर आज बागेश्वर जिले में आठ सूत्रीय मांग को लेकर नर्सों ने 24 घंटे सेवा का अनिश्चितकालीन बहिष्कार शुरू कर दिया है। इस अवसर पर मुन्नी खेतवाल, उमा कोहली, ज्योति पाठक और निर्मला आदि मौजूद थे। इधर जिला अस्पाताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक आरएस सीपाल ने कहा कि नर्से एक शिफ्ट काम कर रही है। दूसरी शिफ्ट में संविदा कर्मियों का सहयोग लिया जाएगा।
