
नगवाईं (मंडी)। एक सप्ताह पहले चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे पर झीड़ी के समीप जोगणी माता मंदिर के पास हुए निजी बस हादसे की शिकार एक महिला का शव वीरवार को लारजी डैम में मिला। मृतका की पहचान टकोली निवासी कृष्णा देवी के रूप में हुई है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया है। अब इस बस हादसे में टकोली गांव से मरने वालों की संख्या आठ हो गई है।
मिली जानकारी के अनुसार वीरवार को लारजी डैम में महिला का शव देखकर लोगों ने इसकी सूचना औट थाना पुलिस को दी। थाना प्रभारी अनिल ठाकुर की अगुवाई में पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को डैम से बाहर निकाला। महिला की पहचान टकोली गांव निवासी कृष्णा देवी के रूप में हुई है। महिला का शव मिलने से टकोली गांव शोक में डूब गया। बस हादसे में इस गांव से सबसे ज्यादा लोगों की मौत हुई है। सात लोगों के शव हादसे के दिन ही मिल गए थे, जबकि कृष्णा देवी सहित अन्य छह लोगों का कोई पता नहीं चल पाया। हादसे के करीब आठ दिन बाद कृष्णा देवी का शव मिला है। औट थाना प्रभारी अनिल ठाकुर ने बताया कि बस हादसे की शिकार कृष्णा देवी के शव को परिजनों को सौंप दिया है।
