
नई टिहरी। टिहरी-घनसाली-गुप्तकाशी मार्ग पर आठ घंटे बाद फिर यातायात बहाल हो गया। सोमवार सुबह 8 बजे मयाली बजीरा के समीप मार्ग यातायात के लिए बाधित हो गया था। जिससे केदारनाथ से लौटने वाले यात्रियों को बेहद परेशानियों से जूझना पड़ा। चंबा-ऋषिकेश मार्ग भी बेमुंडा के समीप पांच घंटे तक अवरुद्ध रहा।
सोमवार प्रात: करीब 8 बजे टिहरी-घनसाली-गुप्तकाशी मार्ग मयाली बजीरा के समीप यातायात के लिए बंद हो गया था। चट्टान से भारी मात्रा में मार्ग पर मलबा गिरने से यह स्थिति पैदा हुई। इस दौरान वहां केदारनाथ से आने वाले सैकड़ों यात्री फंसे रहे। यात्रियों को आठ घंटे तक भूखे, प्यासे जूझना पड़ा। शाम करीब चार बजे मार्ग पर यातायात बहाल हो गया। चंबा-ऋषिकेश मार्ग भी बेमुंडा में सुबह 9 बजे से अपराह्न दो बजे तक मलबा आने से बंद रहा। यहां पर केदारनाथ, गंगोत्री व यमुनोत्री से अपने घर को लौटने वाले यात्रियों को घंटों परेशानियों से दो-चार होना पड़ा।
