आटा-चावल का कोटा बढ़ाया, चीनी गायब

बिलासपुर। एपीएल परिवारों के लिए अच्छी खबर है। सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत मिलने वाले आटा और चावल के कोटे में इस बार बढ़ोतरी की गई है। हालांकि, अभी तक चीनी को लेकर इंतजार खत्म नहीं हुआ है। जिला के डिपुओं से चीनी गायब है। जून महीने का कोटा मिल ही नहीं पाया है। अब जुलाई के कोटे को लेकर भी इंतजार लंबा खिंच रहा है। बताया जा रहा है कि टेंडर नहीं होने के कारण अभी तक चीनी का आवंटन नहीं हुआ।
अच्छी खबर यह है कि इस महीने एपीएल परिवारों को चावल दो और आटा चार किलोग्राम अतिरिक्त कोटे के साथ दिया जाएगा। खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने बाकायदा विभिन्न डिपुओं को इसकी सप्लाई भी शुरू कर दी है। बिलासपुर जिला के लगभग 71000 एपीएल परिवारों को इसके तहत फायदा होगा। विभाग के मुताबिक एपीएल परिवारों को प्रति राशनकार्ड सात किलोग्राम चावल ओर 14 किलोग्राम आटा हर महीने दिया जाता है। जबकि इस महीने चावल नौ किलोग्राम और आटा 18 किलोग्राम दिया जाएगा।
जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक शिव चंद ने बताया कि इस महीने एपीएल परिवारों के चावल और राशन के कोटे में बढ़ोतरी की गई है। अभी तक चीनी का कोटा नहीं पहुंचा हैं। पता चला है कि कुछ जिलों में चीनी की सप्लाई भी पहुंच गई है। उम्मीद है कि बिलासपुर में भी दो-तीन दिन के भीतर सप्लाई पहुंच जाएगी।

Related posts