
लोहाघाट। नगर पंचायत में लंबे समय से खाली पड़े अधिशासी अधिकारी के पद पर बुधवार तक नियुक्ति कर दी जाएगी। डीएम दीपेंद्र चौधरी के संज्ञान में यह बात लाई गई थी। नगर पंचायत के ईओ का फरवरी 2011 में रिटायरमेंट होने के बाद से यह पद रिक्त चला आ रहा है। जिला प्रशासन ने अस्थाई जो व्यवस्था की गई है, उससे जनसमस्याएं और पैदा होती जा रही हैं। यहां तक कि निकाय कर्मियों को तीन माह से वेतन भी नहीं मिल पाया है। डीएम ने इस प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए स्थानीय स्तर पर किसी ऐसे अधिकारी को नियुक्त करने का निर्देश दिया है, जो नगर पंचायत के कार्यों का विधिवत संचालन करने के साथ वह रोज यहां देखरेख भी कर सके। उधर नगर पंचायत के स्वच्छता कर्मियों ने वेतन न मिलने के विरोध में आठ जून से बेमियादी हड़ताल करने का अल्टीमेटम दिया है। बुद्धिसेन, मनफू ल, महेश लाल, बलवीर, समंता देवी, संतोष आदि का कहना है कि उन्हें वेतन न मिलने से जो कठिनाईयां हो रही हैं, उसे कोई अहसास नहीं कर रहा है।
