
केेलांग। लोकसभा चुनाव प्रचार के बीच सोमवार को समदो से काजा तक प्रतिभा सिंह रोड शो करेंगी। जबकि, चार मई को मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह चुनाव प्रचार के लिए पांगी-किलाड़ के साथ ही लाहौल का दौरा भी करेंगे। इस संबंध में विधायक रवि ठाकुर ने बताया कि सोमवार को बॉर्डर से सटे समदो से लेकर काजा तक प्रतिभा सिंह रोड शो करेंगी। उन्होंने बताया कि प्रतिभा सिंह रोड शो के बाद काजा में चुनावी जनसभा को संबोधित करेंगी। प्रतिभा सिंह स्पीति घाटी के गांव-गांव जा कर अपने पक्ष में जनता से वोट एंड सपोर्ट की अपील भी करेंगी। वहीं, रवि ठाकुर ने करीब एक सप्ताह में स्पीति उपमंडल के सभी गांवों में चुनाव प्रचार पूरा कर लिया है। उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह चार मई को पांगी किलाड़ से उदयपुर पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री इस दौरान उदयपुर और केलांग में चुनावी जनसभाओं को संबोधित करने के बाद पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ चुनाव प्रचार का जायजा लेंगे। वह चार मई को केलांग में रात्रि विश्राम भी करेंगे। रवि ने कहा कि प्रतिभा सिंह के रोड शो और मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के चुनावी दौरे की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इस दौरान उनके साथ पूर्व मंत्री फुंचोग राय, डीसीसी अध्यक्ष रपतन बौद्ध, स्पीति ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रामकुमार, टीएसी मेंबर सोहन सिंह, गटुक अंगमों समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
