आज से शुरू होगी सस्ते सिलेंडर की बुकिंग

शिमला(वी डी शर्मा  राजधानी में सस्ते गैस सिलेंडरों की बुकिंग और सप्लाई मंगलवार से शुरू हो जाएगी। चार दिन से जारी सॉफ्टवेयर अपडेट करने का काम पूरा हो गया है। मंगलवार से उपभोक्ताओं को 477 रुपये में गैस की होम डिलीवरी मिलेगी। सोमवार को बुकिंग न होने के चलते सैकड़ों उपभोक्ता गैस एजेंसियों से मायूस लौटे। घरेलू गैस पर डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर स्कीम बंद होने के चलते गैस कंपनियां सॉफ्टवेयर अपडेट करने के काम में जुट गई थीं। शुक्रवार से सोमवार तक न तो गैस एजेंसियों में बुकिंग और न ही किसी उपभोक्ता को सप्लाई दी गई।
सोमवार देर शाम उत्तम गैस एजेंसी, हिमालय गैस एजेंसी और भट्ठाकुफर गैस एजेंसी में सॉफ्टवेयर अपडेट करने का काम पूरा हो गया। शेष एजेंसियों में मंगलवार सुबह तक यह काम पूरा हो जाएगा। इंडियन ऑयल कारपोरेशन के प्रबंधक रजत घरसंगी ने बताया है कि मंगलवार से उपभोक्ताओं को सुचारु तरीके से सप्लाई मिलेगी। बुकिंग भी खोल दी गई है। उपभोक्ताओं को 477 रुपये में घर में गैस सिलेंडर मिलेगा।

Related posts