
चंबा। रूसा प्रणाली के तहत प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश लेने की अंतिम तिथि खत्म हो गई है। एक जुलाई से कॉलेजों में नियमित रूप से कक्षाएं शुरू हो जाएंगी। स्थानीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में सोमवार को सेकेंड सेमेस्टर की लिस्ट जारी कर दी गई। साथ ही टाइम टेबल भी कॉलेज प्रशासन ने नोटिस बोर्ड पर लगा दिया है। टाइम टेबल देखने को लेकर फ्रेशर विद्यार्थियों में काफी बेताबी देखी गई। टाइम टेबल के नोटिस बोर्ड में लगते ही बोर्ड के पास काफी भीड़ जमा हो गई। प्रथम सेमेस्टर में अब कोई विद्यार्थी प्रवेश नहीं ले सकता है। हालांकि तृतीय सेमेस्टर व अन्य कक्षाओं में विद्यार्थी प्रवेश ले सकते हैं। सोमवार को सेकेंड काउंसलिंग की लिस्ट देरी से जारी होने से समस्त विद्यार्थी फीस जमा नहीं करवा पाए। फीस काउंटर के पास काफी संख्या में विद्यार्थी जुटे रहे। साथ ही अंतिम दिन भी काफी संख्या में विद्यार्थियों ने प्रवेश फार्म भरकर प्रशासन के पास जमा करवाए। कॉलेज प्रशासन का कहना है कि विद्यार्थी मंगलवार को फीस जमा करवा सकते हैं।
इंसेट …
टाइम टेबल देखकर चकराए विद्यार्थी
रूसा सिस्टम के तहत बनाए गए टाइम टेबल को देखकर विद्यार्थी चकरा गए। टाइम टेबल की सूची में विस्तृत जानकारी न होने के कारण फ्रेशर विद्यार्थी एक दूसरे से टाइम टेबल के बारे में पूछते रहे। इस दौरान सीनियर विद्यार्थियों ने जूनियर विद्यार्थियों की भरपूर मदद की।
इंसेट …
जल्द फीस जमा करवाएं छात्र : बेदी
चंबा कॉलेज की प्राचार्य सुमन बेदी ने बताया कि एक जुलाई से कॉलेज में नियमित रूप से कक्षाएं चलेंगी। उन्होंने बताया कि फीस जमा करवाने वाले विद्यार्थी निर्धारित समय पर अपनी फीस जमा करवा सकते हैं। प्राचार्य ने बताया कि रूसा प्रणाली के तहत दूसरी काउंसलिंग की लिस्ट भी जारी कर दी गई है।
