आज से आंदोलन करेंगे नगर पंचायत के प्रतिनिधि

गंगोलीहाट। इसे प्रदेश सरकार की नाकामी ही कहा जाएगा कि ढाई महीने बीतने के बाद भी गंगोलीहाट की पहली नगर पंचायत अस्तित्व में नहीं आई है। शहरी विकास विभाग अध्यक्ष और सभासदों के बैठने तक की व्यवस्था नहीं कर सका है। अव्यवस्था से खिन्न नगर पंचायत के प्रतिनिधियों ने 18 जुलाई यानि आज से अनिश्चितकालीन आंदोलन करने की चेतावनी दी है। इस आशय का ज्ञापन मुख्यमंत्री को भेजा है।
नगर पंचायत अध्यक्ष विमल रावल के नेतृत्व में तहसीलदार से मिले प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि गंगोलीहाट नगर पंचायत बने तीन माह का समय पूरा होने वाला है। इतना लंबा वक्त बीतने के बाद भी अब तक एक अधिशासी अधिकारी और दो कर्मचारियों का पद सृजित हो सका है, जबकि अब तक नियमानुसार अन्य पद भी स्वीकृत हो जाने चाहिए। कहा कि अव्यवस्थाएं पूरी तरह से हावी हो गई है। इसकी वजह से जन्म, मृत्यु समेत अन्य प्रमाण पत्र नहीं बन पा रहे हैं। इसकी वजह से लोगों को भारी दिक्कतें उठानी पड़ रही है। शासन के इस रवैये के खिलाफ 18 जुलाई से अनिश्चिकालीन आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी गई। इस मौके पर भूपाल आर्या, सभासद कृष्ण सिंह बोरा, प्रेम राम, प्रकाश पाठक, गजेंद्र रावल, किरन पंत, सुमन धानिक, हेमा देवी आदि मौजूद थे।

Related posts