आज वक्त से पहले निकलिए स्कूल और ऑफिस

शिमला। लक्क्ड़ बाजार-संजौली मार्ग बंद होने से छोटा शिमला मार्ग पर ट्रैफिक बढ़ गया है। ऊपरी शिमला, ढली, संजौली को छोटा शिमला होकर बसें भेजी जा रही हैं। मार्ग को बहाल होने में अभी कम से कम दो दिन लगेंगे। इस सड़क पर ऑकलैंड, चैप्सली स्कूल, आरकेएमवी, संजौली कॉलेज आता है। इसी मार्ग से रोजाना सैकड़ों सरकारी कर्मचारी कार्यालय आते-जाते हैं। ट्रैफिक डायवर्ट करने से छोटा शिमला मार्ग पर जाम लग रहा है। सोमवार को यहां ट्रैफिक जाम की समस्या और बढ़ सकती है।
संजौली निवासी एडवोकेट देव आनंद शर्मा का कहना है कि वे रोज संजौली से लक्कड़ बाजार होकर कोर्ट के लिए आते-जाते हैं, मगर बीते रोज से उन्हें छोटा शिमला होकर जाना पड़ रहा है। राकेश बुंदेल का कहना है कि मार्ग बंद होने के कारण अब उन्हें तीन से चार किलोमीटर का अतिरिक्त सफर तय कर कार्यालय आना पड़ेगा।
लोक निर्माण विभाग डिवीजन एक के अधिशासी अभियंता दीपक राज ने कहा कि दो दिन में डंगे का कार्य पूरा कर मार्ग बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है। डीएसपी ट्रैफिक पुनीत रघु ने कहा कि लोनिवि से सड़क के सुरक्षित होने की सूचना पर ही इस मार्ग को खोला जाएगा। ट्रैफिक समस्या से निपटने के लिए लक्कड़ बाजार बस अड्डे से लेकर छोटा शिमला, संजौली तक अतिरिक्त जवान तैनात किए जाएंगे

Related posts