
मुंबई: भाजपा के चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष व गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी आज एक तीर से दो ‘शिकार’ करने मुंबई दौरे पर आ रहे हैं। सुत्रों के मुताबिक इस मीटिंग में पार्टी की कोर कमेटी के साथ लोकसभा चुनाव 2014 के लिए एजेंडा तय करने के साथ-साथ शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे द्वारा हाल ही में की गई टिप्पणी पर चर्चा होने की संभावना है। इसके अलावा मनसे अध्यक्ष राज ठाकरे के साथ राजनीतिक संबंधों के बारे में भी कोर कमेटी के सदस्य मोदी के सामने अपनी बात रखने वाले हैं।
अगले वर्ष पार्टी की ओर से लोकसभा चुनाव प्रचार की कमान संभालने वाले मोदी इस मीटिंग के बाद रामभाऊ म्हालगी प्रबोधिनी के निदेशक विनय सहस्त्रबुद्धे की किताब ‘बीऑन्ड ए बिलियन बैलेट’ का विमोचन करेंगे। यह समारोह शाम 5:30 बजे स्टॉक एक्सचेंज के इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में होगा। मोदी इस समारोह के दौरान गुड गवर्नेस थ्रू डेमोक्रेसी (स्वराज से सुराज) विषय पर भाषण देंगे।
इससे पहले वे होटल ताज में आयोजित सीआइआइ के कार्यक्रम में भी भाग लेंगे। वह महाराष्ट्र भाजपा के नेताओं को ‘प्रचार मंत्र’ भी देने वाले हैं। दोपहर में प्रदेश कोर कमेटी की बैठक में भाग लेने के लिए वे होटल रंग शारदा भी जाने वाले हैं। मोदी की यात्रा को ध्यान में रखते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं को जोरदार स्वागत की तैयारियां की गई है। कई जगहों पर मोदी के बैनर, कटआउट, होर्डिग्स लगाए गए हैं
