
शिमला। विधानसभा का बजट सत्र सोमवार को भी बिना विपक्ष के ही चलेगा। भाजपा विधायकों ने सदन में जाने से इनकार कर दिया है। माना जा रहा है कि भाजपा विधायक आगे भी इस बहिष्कार को जारी रख सकते हैं। दोपहर बाद शुरू होने वाले हिमाचल प्रदेश की बारहवीं विधानसभा के इस पंचम सत्र में लग्जरी टैक्स संशोधन विधेयक को पारण के लिए रखा जाएगा।
शेड्यूल के अनुसार सोमवार को दो बजे सदन की कार्यवाही शुरू होगी।सर्वप्रथम प्रश्नकाल के दौरान कई अहम मसले उठेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री प्रारंभ हो रहे सप्ताह की शासकीय कार्यसूची से अवगत करवाएंगे। फिर सदन की समितियों के प्रतिवेदन पटल पर रखे जाएंगे। तत्पश्चात विधायी कार्य के तौर पर आबकारी एवं कराधान मंत्री हिमाचल प्रदेश विलास वस्तुएं कर अधिनियम 1979 का और संशोधन करने के लिए विधेयक पर विचार का प्रस्ताव रखेंगे। इसके बाद इस संशोधन विधेयक को पारित करने का प्रस्ताव प्रस्तुत करेंगे। वित्तीय वर्ष 2014-15 के लिए बजट अनुमानों की अनुदान मांगों का प्रस्तुतीकरण किया जाएगा। इन पर चर्चा होगी।
