
चंबा। एक दिसंबर को जिला भर की पंचायतों में विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया जाएगा। इसमें वन अधिकार समितियों का गठन और राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत पात्र परिवारों का चयन किया जाएगा। साथ ही चंबा ब्लाक की 39 पंचायतों में आशा वर्करों के चयन को लेकर भी इसी ग्राम सभा में मंथन होगा। उपायुक्त चंबा संदीप कदम ने विशेष ग्राम सभा के आयोजन के बारे में सूचना पहले ही समस्त खंड विकास अधिकारियों को दे दी है। समितियों का गठन अनुसूचित जनजाति एवं अन्य परंपरागत वन निवासी नियम 2008 के तहत किया जाएगा। पंचायत प्रधानों को बताया गया है कि विशेष ग्राम सभा का सफल आयोजन करके वन अधिकार समितियों का गठन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत पात्र परिवारों का चयन किया जाए। वन अधिकार समितियों के गठन व आशा वर्करों के चयन के लिए पहले ही पंचायत प्रतिनिधियों को गाइडलाइन दे दी गई है। दिए गए नियमों के आधार पर बनाई गए वन अधिकार समितियां मान्य होंगी। भरमौर और पांगी ब्लाकों में पहले से ही वन अधिकार समितियों का गठन किया जा चुका है। पंचायती राज विभाग और विकास खंड अधिकारियों को ग्राम सभा के बारे में विभिन्न माध्यमों से लोगों को सूचित करने की बात कही गई है। बीडीओ चंबा मोहन शर्मा ने लोगों से ग्राम सभा में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आग्रह किया है।
