आज फिर बारिश और बर्फबारी!

शिमला। प्रदेश में आज फिर से बारिश और बर्फबारी हो सकती है। ऊंचाई तथा मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश तथा बर्फबारी होगी। इधर, प्रदेश में बर्फबारी के पांच दिन बाद भी जिंदगी पटरी पर नहीं लौट सकी है। 150 से ज्यादा सड़कें बंद हैं। 64 सड़कों को लोनिवि ने यातायात के लिए बहाल कर दिया। सड़कों के बंद रहने से निगम के दो सौ से ज्यादा रूटों पर बस सेवा मंगलवार को प्रभावित रही। किन्नौर, चंबा, रोहडू में कई इलाके अभी अंधेरे में डूबे हैं। कुल्लू तथा लाहौल घाटी में 50 फीसदी सड़कें बंद हैं। बिजली सप्लाई भी बाधित है। चंबा में आधा दर्जन संपर्क मार्गों पर बसों की आवाजाही शुरू नहीं हो पाई। मंडी के चौहारघाटी के कई गांवों में अभी पेयजल सप्लाई भी बहाल नहीं हो पाई है। किन्नौर में बर्फबारी के बाद अभी भी काजा की ओर एनएच बहाल नहीं हुआ है। मौसम विभाग के निदेशक डॉ. मनमोहन सिंह ने बताया कि बुधवार से पश्चिम विक्षोभ के सक्रिय होने से फिर से मौसम खराब होगा। ऊंचाई तथा मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश तथा बर्फबारी होगी। 24 फरवरी से मौसम के सामान्य रहने के असार हैं। लोनिवि के प्रमुख अभियंता नरेश शर्मा ने कहा कि सड़कों को खोलने का काम चल रहा है।

कहां कितना न्यूनतम तापमान
शिमला में न्यूनतम तापमान 0.4, सुंदरनगर 1.1, भुंतर 0.2, कल्पा -5.2, धर्मशाला 6.2, ऊना 3.8, नाहन 4.0, केलांग -15.8, पालमपुर 3.0, डलहौजी 7.3, सोलन 1.5, मनाली -2.2, चंबा 1.5, कांगड़ा, 2.5, बिलासपुर 4.0 और हमीरपुर 2.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

Related posts