आज पूरे शहर में नहीं मिलेगी पानी की सप्लाई

शिमला। राजधानी में बुधवार को पीने के पानी की सप्लाई नहीं आएगी। मंगलवार को लगातार दूसरे दिन भी गिरि और गुम्मा पेयजल योजना कम वोल्टेज के चलते दिन भर बंद रहीं। नाममात्र के लिए दोनों योजनाओं में पानी की पंपिंग हो सकी है। मंगलवार को रिज टैंक में पानी का स्तर चार फीट रहा जबकि शहर में सुचारु सप्लाई देने के लिए करीब बारह फीट पानी के स्तर की आवश्यकता होती है। उधर, मंगलवार को भी शहर में सुबह और शाम के समय पानी की सप्लाई नहीं हो सकी है।
जतोग सब स्टेशन में ब्रेकर को बदलने का काम करने के चलते गुम्मा और गिरि पेयजल योजना में मंगलवार को दिन भर बिजली की कम वोल्टेज रही। इसके चलते दोनों योजनाओं में पानी की पंपिंग नहीं हो सकी। गिरि से रोजाना करीब 12 एमएलडी और गुम्मा से 8 एमएलडी पानी की सप्लाई होती है। लेकिन इन दोनों पेयजल योजनाओं के ठप होने के चलते मंगलवार को शहर में करीब पंद्रह एमएलडी पानी की सप्लाई कम मिली। मंगलवार सुबह और शाम कहीं भी पानी की सप्लाई नहीं हो सकी। उधर, जतोग में ब्रेकर बदलने का काम बुधवार दोपहर बाद तक पूरा होगा। ऐसे में वीरवार को पानी की सुचारु आपूर्ति की बात कही जा रही है।

कम वोल्टेज से बढ़ी परेशानी
आईपीएच के अधिशासी अभियंता प्रीत मोहिंद्र सिंह ने कहा कि कम वोल्टेज के चलते गुम्मा और गिरि पेयजल योजना पंपिंग नहीं कर पा रही है। विभाग की मशीनरी पूरी तरह से दुरुस्त है।

आज पूरा होगा मरम्मत का काम
बिजली कंपनी के अधीक्षण अभियंता पंकज डढवाल ने कहा कि जतोग में ब्रेकर बदले जाने के चलते क्षेत्र में सप्लाई प्रभावित रहने के बाबत आईपीएच को पहले ही बता दिया गया था। बुधवार को काम पूरा हो जाएगा।

आवश्यकता अनुसार ही इस्तेमाल करें प्रयोग
निगम अभियंता विजय गुप्ता का कहना है कि पर्याप्त सप्लाई नहीं मिलने के चलते शहर में पानी का कट लगाना पड़ रहा है। सभी लोग आवश्यकता अनुसार ही पानी का प्रयोग करें।

Related posts