आज पंजाब कांग्रेस का किसानों के समर्थन में शंभू बॉर्डर पर धरना

आज पंजाब कांग्रेस का किसानों के समर्थन में शंभू बॉर्डर पर धरना

राजपुरा
केंद्र सरकार की ओर से पास किए गए कृषि कानूनों के विरोध में चल रहे किसान आंदोलन को लेकर पंजाब प्रदेश कांग्रेस की ओर से  आज शंभू बॉर्डर पर धरना दिया जाएगा। इसमें शामिल होने के लिए हजारों की संख्या में पार्टी कार्यकर्ता, किसान, आढ़ती व व्यापारियों के अलावा कांग्रेस पंजाब के प्रधान सुनील जाखड़, विधायक व मंत्री शिरकत करेंगे। 

कांग्रेस की ओर लगाए जा रहे विशाल धरने की तैयारियों का जायजा लेने के लिए रविवार को विशेष तौर पर राजपुरा विधायक हरदियाल सिंह कंबोज व घनौर विधायक मदनलाल जलालपुर पहुंचे। पत्रकारों को जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि इस विशाल धरने में हजारों की संख्या में लोग किसानों के समर्थन के लिए पहुंचेंगे। कांग्रेस सरकार पूरी तरह से किसानों के साथ है। 
उन्होंने कहा कि 11 बजे से 3 बजे तक चलने वाले इस प्रदर्शन में कांग्रेस का कोई भी कार्यकर्ता वाहनों का चक्का जाम नहीं करेगा, लेकिन सड़कों पर दिक्कत पेश आ सकती है। किसानों व आम जनता के लिए पूरा दिन लंगर चलाने की भी व्यवस्था की जा रही है। इतना ही नहीं समाजसेवी संस्था के सहयोग से मरीजों की जांच के लिए मेडिकल व कैंसर की बीमारी का चेकअप निशुल्क होगा। मरीजों व किसानों के लिए दवाओं के लंगर की भी व्यवस्था की है।
कंबोज ने बताया कि केंद्र सरकार जिन कृषि कानूनों को किसान हितैषी बताकर लेकर आई है, वह किसानी के अलावा व्यापारियों व मजदूरों को बर्बाद करने वाले हैं। इन्हीं कानूनों को रद्द करवाने के लगभग तीन माह से किसान जत्थेबंदियां संघर्ष कर रही हैं। पिछले 18 दिन से दिल्ली बार्डर पर ठंड में बैठे किसान केंद्र सरकार से किसानी कानूनों को रद्द करने की मांग कर रहे हैं। 

अब पंजाब कांग्रेस शंभू बॉर्डर पर किसानों, व्यापारियों व मजदूरों के लिये सोमवार को सुबह 11 बजे धरना देकर रोष प्रदर्शन करेगी। वहीं जलालपुर ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों से हजारों किसान समर्थकों के आने की उम्मीद है। लोगों को परेशानी न हो इसके चलते आने-जाने वाले रास्ते के बीच में खाली जगह पर स्टेज तैयार करवाई है। इस मौके कई अन्य कांग्रेस नेता मौजूद थे।

Related posts