आज नहीं चलेंगी निजी बसें

मंडी। बस किराया बढ़ोतरी की मांग को लेकर जिला के निजी बस आपरेटर सोमवार को हड़ताल में शामिल होंगे। निजी आपरेटर यूनियन के इस फैसले से कई रूट प्रभावित होने से आम लोगों को असुविधा का सामना करना पड़ेगा। आपरेटरों का कहना है कि डीजल के दामों में लगातार वृद्धि हो रही है, लेकिन आज तक सरकार ने निजी बसों का किराया नहीं बढ़ाया है। इस कारण निजी आपरेटर घाटे में बसें चला कर आर्थिक नुकसान झेल रहे हैं। प्रदेश निजी बस ऑपरेटर यूनियन के आह्वान पर सोमवार को जिला मंडी के सभी निजी ऑपरेटर हड़ताल में शामिल होकर अपनी मांगों को समर्थन करेंगे। मंडी जिला निजी बस आपरेटर यूनियन ने जिला के सभी ऑपरेटरों को हड़ताल में शामिल होने के बारे में अवगत करवा दिया है। यूनियन के फैसले से जिला मंडी में करीब 1100 रूटों प्रभावित होंगे। जिले में 457 निजी बसें हैं। मंडी निजी बस आपरेटर यूनियन के प्रधान वीरेंद्र गुलेरिया ने कहा कि सरकार ने निजी बस आपरेटरों की मांग नहीं मानी है। इससे यूनियन ने हड़ताल करने का फैसला लिया है। उन्होंने कहा कि डीजल के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, लेकिन निजी बसों का किराया नहीं बढ़ाया जा रहा है। जिस कारण निजी बस आपरेटरों को घाटा उठाना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार ने निगम की बसों का किराया चुपचाप बढ़ा दिया है। वहीं दूसरी ओर से निजी बस ऑपरेटरों के हित में किराया बढ़ाने को तैयार नहीं है। उधर परिवहन निगम के मंडलीय प्रबंधक प्रकाश चंद्रा ने बताया कि निजी बस ऑपरेटरों की हड़ताल को देखते हुए निगम ने प्रबंध किए हैं। उन्होंने कहा कि लंबे रूट की बसों को जरूरत के हिसाब से लोकल रूटों पर भेजा जाएगा, ताकि लोगों केा किसी प्रकार की परेशानी न उठानी पड़ी।

Related posts