
मंडी। मंडी लोकसभा उपचुनाव के चलते आचार संहिता लगने से ग्राम रोजगार सेवकों के रिक्त पदाें को भरने के लिए जारी प्रक्रिया भी अधर में लटक गई है। इससे एक ओर जहां आवेदनकर्ता उम्मीदवाराें का इंतजार और लंबा खिंच गया है, वहीं मनरेगा के कई कार्य प्रभावित हो रहे हैं। विकास खंड सदर के अंतर्गत इन दिनों ग्राम रोजगार सेवकों के रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया चल रही थी, लेकिन आचार संहिता लगने से निर्धारित साक्षात्कार स्थगित कर दिए गए हैं।
मंडी लोकसभा उपचुनाव के चलते प्रदेश के छह जिलो में आचार संहिता मंगलवार से लागू हो गई है। ग्राम रोजगार सेवकों के तीन रिक्त पदाें के लिए सदर विकास खंड अधिकारी के कार्यालय में 292 उम्मीदवाराें ने आवेदन कर रखा है। 25 मई साक्षात्कार की तिथि निर्धारित की गई थी, लेकिन ऐन वक्त पर आचार संहिता लगने से साक्षात्कार प्रक्रिया को रोक दिया गया है। अब आवेदनकर्ता सभी उम्मीदवाराें को आचार संहिता हटने तक का इंतजार करना होगा। ग्राम रोजगार सेवकों के रिक्त चल रहे पदाें से मनरेगा के कई कार्य प्रभावित हो रहे हैं। साथ ही इससे लोगाें को भी दिक्कतों से जूझना पड़ रहा है। इधर, विकास खंड अधिकारी सदर संसार चंद का कहना है कि आदर्श चुनाव संहिता लगने से ग्राम रोजगार सेवकों के लिए निर्धारित साक्षात्कार प्रक्रिया को स्थगित किया गया है। साक्षात्कार की अगली तिथि के बारे में आदर्श चुनाव संहिता समाप्त होने के बाद सूचित किया जाएगा।
इसके अलावा जिला युवा सेवा एवं खेल अधिकारी मंडी के कार्यालय में 23 मई को नोडल युवा क्लब योजना के अंतर्गत युवा स्वयंसेवियों के साक्षात्कार होने थे, लेकिन आचार संहिता लगने से साक्षात्कार स्थगित कर दिया गया है। जिला युवा सेवा एवं खेल अधिकारी मंडी पीएस नेगी ने इसकी पुष्टि की है।
