
शिमला। नगर निगम परिधि से सौ मीटर बाहर रहने वाले लोगों को दिए जाने वाले पानी की मासिक दरें फिलहाल नहीं घटाई जाएंगी। दाम घटाने के आड़े मंडी संसदीय क्षेत्र का उप चुनाव आ गया है। आचार संहिता के कारण सोमवार को होने जा रही नगर निगम की मासिक बैठक में इस मामले को नहीं लाया जाएगा। मामला जुलाई अंत तक लटक गया है। निगम क्षेत्र से बाहर सौ मीटर के दायरे में तीन सौ रुपये तक मासिक बिल घटाने का प्रस्ताव तैयार था।
वर्तमान में निगम परिधि से सौ मीटर बाहर के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को तीसरे दिन पानी की सप्लाई के 970 रुपये प्रति माह चुकाने पड़ रहे हैं। नगर निगम एरिया से सौ मीटर के दायरे में आने वाले दो हजार से अधिक उपभोक्ताओं से नगर निगम पानी का मासिक बिल पांच गुना अधिक वसूल रहा है। शहर में पानी का मासिक बिल करीब 190 रुपये है। वहीं सौ मीटर बाहर मासिक बिल 970 रुपये है। नगर निगम एरिया से सौ मीटर बाहर भट्ठाकुफर, लंबीधार, मल्याणा, लोअर समिट्री, मशोबरा, टुटू और खलीनी के कुछ क्षेत्र आते हैं। बीते दिनों इन क्षेत्रों के लोगों के विरोध करने पर नगर निगम प्रशासन ने दोबारा दरें तय करने का प्रस्ताव तैयार कर सदन में लाने की तैयारी की थी। लेकिन मंडी लोकसभा क्षेत्र में उप चुनाव की घोषणा होने से अब यह मामला लटक गया है।
…
विधायक अनिरुद्ध से मिले लोग
उदय वेलफेयर सोसायटी भट्ठाकुफर के प्रधान हरनाम सिंह बांश्टू की अध्यक्षता में प्रतिनिधिमंडल शनिवार को कसुम्पटी के विधायक अनिरुद्ध सिंह से मिला। प्रधान हरनाम सिंह बांश्टू ने बताया कि निगम द्वारा वसूले जा रहे भारी भरकम बिल की शिकायत विधायक से की गई। विधायक ने आश्वस्त किया है कि वे स्वयं नगर निगम सदन में जाकर मामले को उठाएंगे। लोगों से अतिरिक्त वसूली नहीं होने दी जाएगी।
अगले सदन में लाएंगे मामला : संजय
महापौर संजय चौहान ने कहा कि सौ मीटर बाहर हो रही अधिक वसूली को कम करने के लिए प्रस्ताव तैयार किया गया था। लेकिन आचार संहिता के चलते इस प्रस्ताव को सदन में नहीं लाया जा सकता है। जुलाई की बैठक में दरें घटाने के लिए सदन से अनुमति मांगी जाएगी।
