आग से चार दुकानें राख, लाखों का नुकसान

चंबा। स्थानीय बस स्टेंड के पास स्थित दुकानों में अचानक आग लग गई। इससे चार दुकानों में रखा सामान जलकर राख हो गया है। रविवाररात को लगभग पौने दो बजे के करीब बस स्टेंड के पास दुकानों में शार्ट सर्किट होने से आग लग गई। जब तक आग लगने का पता चलता दुकानों में रखा सामान आग की चपेट में आ गया। फायर ब्रिगेड के आने तक दुकानें आग की लपटों में बुरी तरह घिरी हुई थीं। आग लगने से रवि कुमार पुत्र विशंभर निवासी मोहल्ला हरदासपुरा की चंबा चप्पल की दुकान में रखा सारा सामान जल गया है।
रवि कुमार ने बताया कि आग से उसे लगभग साढ़े तीन लाख रुपये का नुकसान हुआ है। इसके अलावा त्रिलोक कुमार पुत्र गिरधारी लाल निवासी मोहल्ला मुगला की भी चंबा चप्पल की दुकान थी। आग से दुकान में कुछ भी नहीं बचा है। त्रिलोक ने बताया कि उसे लगभग साढ़े आठ लाख रुपये का नुकसान हुआ है। इसके साथ ही कर्म चंद पुत्र देस राज निवासी मोहल्ला सुराड़ा की ड्राईक्लीन की दुकान भी आग की चपेट में आई है। कर्म चंद ने बताया कि उसे लगभग 30 हजार रुपये का नुकसान उठाना पड़ रहा है। इसके अलावा चंदु लाल पुत्र आत्मा राम निवासी मोहल्ला चमेशनी की दुकान की छत जल गई है। साथ ही एसटीडी भी जलकर राख हो गई है। चंदू लाल ने बताया कि आग से उसे 93 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। आग लगने की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंच गई लेकिन लकड़ी की दुकानें होने के कारण आग की लपटों ने सबकुछ जलाकर राख कर दिया।
उधर, फायर ब्रिगेड के फायरमैन प्रताप सिंह ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंच गए और आसपास की करोड़ों की संपत्ति को राख होने से बचा लिया। उन्होंने कहा कि पौने दो बजे के करीब रविंद्र महाजन ने उन्हें फोन पर आग लगने की सूचना दी। सूचना मिलते ही दो मिनट में गाड़ी मौके पर पहुंच गई और दुकान के ताले तोड़कर आग पर काबू पाया। उन्होंने कहा कि आग लगने से लगभग 15 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
उधर, राजस्व विभाग की ओर से तहसीलदार मनोज कुमार ने मौके का निरीक्षण किया है। उन्होंने बताया कि लगभग पांच लाख रुपये के नुकसान का आंकलन किया गया है। रिपोर्ट तैयार करके भेजी जा रही है। उन्होंने बताया कि सभी दुकानें किराए की हैं।

Related posts