आखिर पुलिस के हत्थे चढ़ा भगौड़ा

शाहतलाई (बिलासपुर)। बारह वर्ष से भी अधिक समय पुराने दुर्घटना के एक मामले में वांछित आरोपी आखिर पुलिस के हत्थे चढ़ ही गया। करीब छह माह पूर्व अदालत से भगौड़ा घोषित किए गए आरोपी को पुलिस के पीओ सैल की टीम ने होशियारपुर में धर दबोचा। उसे सोमवार को अदालत में पेश किया जाएगा। गौरतलब है इस महीने पुलिस ने उद्घोषित अपराधियों को पकड़ने का अभियान छेड़ा है। इसके तहत यह पहली सफलता मिली है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मार्च 2001 में शाहतलाई में एक रोड एक्सीडेंट हुआ था। पुलिस ने आईपीसी की धारा 279 व 304 के तहत मामला दर्ज कर पंजाब के होशियारपुर निवासी हरप्रीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया था। बाद में उसे अदालत से जमानत मिल गई थी। जमानत पर छूटने के बाद वह फरार हो गया था। पुलिस ने कई बार उसके घर तथा अन्य संभावित ठिकानों पर दबिश दी, लेकिन वह पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ पाया। अदालत में कई पेशियों से नदारद रहने पर गत दिसंबर माह में उसे भगौड़ा घोषित किया था।
हरप्रीत सिंह को उद्घोषित अपराधी घोषित किए जाने के बाद से पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी। गत शनिवार को एक सूचना के आधार पर पीओ सैल के हेड कांस्टेबल बोधराज की अगुवाई में कांस्टेबल संजीव, राजकुमार व रवि कुमार ने हरप्रीत को होशियारपुर में उसके घर में दबोच लिया। घुमारवीं के डीएसपी अंजनी जसवाल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि अदालत से भगौड़ा घोषित किए गए हरप्रीत को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

Related posts