
रामपुर बुशहर।.(संदीप वर्मा)..समय सुबह के 9:45 बजे। स्थान रामपुर का पुराना बस अड्डा। ऑटो चालक नियमों को ताक पर रख कर यू-टर्न ले रहे हैं। इसके चलते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग रही है। पुुलिस तो है, मगर वह इन ऑटो चालकों पर लगाम लगाने में बेबस नजर आ रही है। यह नजारा सिर्फ एक दिन का नहीं है। यहां रोजाना ऐसा देखा जा सकता है।
…समय दिन के 12:20 बजे। स्थान पदम वरिष्ठ पाठशाला। पुलिस थाने के पास जहां ऑटो चालक ऑटो को खड़ा कर जाम का कारण बन रहा है। इससे जहां जाम लगा रहता है, वहीं स्कूली के पास हादसे को भी न्योता दे रहा है। इनका जहां दिल किया, वहीं अपना ऑटो मोड़ देते हैं। वहीं पुलिस भी कार्रवाई करने के बजाया इन्हें देख कर अनदेखा कर देती है। ऐसे में इन पर लगाम लगाए तो कौन। प्रशासन द्वारा भी कोई कठोर कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।
…समय दिन के 2:26 बजे। स्थान रामपुर का चौधरी अड्डा। यहां नियमों को ताक में रख कर ऑटो चालक यू-टर्न ले रहा है, जबकि पुलिस कर्मी यहां कार्रवाई करने से परहेज कर रहे हैं। शहर में वर्तमान दौर में 250 के करीब ऑटो सड़कों पर दौड़ रहे हैं। इनके दौड़ने का मकसद बस एक ही रहता है मात्र पैसों में इजाफा करना। वहीं रात के समय ऑटो चालकों द्वारा लोगों से मनमाने रेट वसूले जा रहे हैं। यहां तक कि पिपटी, रचोली और फारेस्ट कॉलोनी जाने के लिए कोई भी ऑटो चालक हामी नहीं भरता या फिर मनमाने रेट वसूल करता है। प्रशासन से कई मर्तबा इस बारे में बात की गई, लेकिन वह भी इन पर कोई लगाम नहीं लगा पाया है।
इधर लोगों में यशपाल कायथ, रणवीर बंधु, आशु, निखिल और दिनेश कुमार का कहना है कि ऑटो चालक सड़क पर जहां दिल किया ऑटो मोड़ देते हैं, जिससे हादसों का खतरा बना रहता है। उनका कहना है कि पुलिस की मौजूदगी में यह सब घटता है, जबकि वे मात्र मूकदर्शक बनकर रह जाते हैं। उन्होंने प्रशासन व पुलिस प्रबंधन से मांग की है कि ऑटो चालकों की मनमानी को बंद किया जाए। साथ ही उनके लिए ठोस कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाए। इधर, थाना प्रभारी रामपुर मंगत राम का कहना है कि पुलिस उक्त लोगों पर कार्रवाई कर रही है।
