आए थे बीटेक में दाखिले को, साथ लाए तस्करी की शराब

देहरादून। शहर के प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग कालेज में दाखिला लेने आए दो छात्र अपने साथ तस्करी के लिए अवैध शराब भी ले आए। दोनों की कार से आबकारी टीम को चंडीगढ़ ब्रांड की 13 पेटियां बरामद हुई। दोनों को गिरफ्तार किया गया है।
गुरुवार दोपहर आबकारी टीम को सूचना मिली कि देहरादून नंबर की एक कार में अवैध शराब लाई जा रही है। जिला आबकारी अधिकारी टीके पंत के निर्देश में टीम ने तुरंत कार को बल्लूपुर चौक पर रोक लिया। कार में दो छात्र अंकुर (22) और अभिषेक (21) निवासी कैथल, हरियाणा सवार थे। पूछताछ में उन्होंने टीम को बताया कि वह एक इंजीनियरिंग कालेज में बीटेक में दाखिला लेने आए हैं। कार की तलाशी लेने पर चंडीगढ़ ब्रांड की 13 पेटियां शराब मिली। दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो उन्होंने बताया हरियाणा से जब वह चले तो एक तस्कर ने उन्हें लालच दिया था। इसलिए वह दाखिले के साथ अवैध शराब की खेप देने भी दून आ गए। टीम ने उनके पास से जो कार पकड़ी है उसमें देहरादून जिले का नंबर है। जबकि आगे और पीछे के शीशे पर बार संघ का लोगो दर्ज है। जिला आबकारी अधिकारी टीके पंत ने बताया आरटीओ से कार का नंबर ट्रेस कराया जा रहा है।

Related posts