आउट सोर्सिंग से पूर्व में हुई नियुक्तियां होगी निरस्त

नई टिहरी/चंबा। श्रीदेव सुमन विवि में आउट सोर्सिंग से हुई नियुक्तियों को लेकर छह दिनों से चला आ रहा गतिरोध समाप्त हो गया। विवि में आउट सोर्सिंग से पूर्व में हुई सभी नियुक्तियां निरस्त की जाएगी। नए सिरे से तृतीय और चतुर्थ श्रेणी पदों पर नियुक्तियों में सौंदकोटी और दिखोलगांव के बेरोजगारों को वरीयता दी जाएगी। विवि प्रशासन से मिले आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने धरना समाप्त कर दिया है।
विवि में पिछले दिनों आउट सोर्सिंग से छह पदों पर नियुक्तियां हुई थी। जिसमें कुछ रसूखदारों के चेहते भी शामिल थे। इसी बीच कुछ अन्य लोग उपनल से कॉल लेटर लेकर विवि पहुंच गए। इसकी भनक लगते ही छह दिनों से सौंदकोटी और दिखोलगांव के लोग नियुक्तियों में 75 फीसदी भागीदारी की मांग को लेकर विवि में तालाबंदी करने के साथ ही धरने पर बैठे हुए थे। सोमवार को ग्रामीण विधायक दिनेश धनै के नेतृत्व में डीएम से मिले। डीएम नितेश कुमार झा ने कुलपति से दूरभाष पर वार्ता कर नियुक्तियों में स्थानीय लोगों को वरीयता देने को कहा। बाद में विधायक धनै के नेतृत्व में ग्रामीण विवि कुलपति डा.यूएस रावत से मिले। जिसमें तय किया गया कि पूर्व में आउट सोर्सिंग से हुई सभी नियुक्तियां निरस्त की जाएगी। नई नियुक्तियों में सौंदकोटी और दिखोलगांव के बेरोजगारों को वरीयता दी जाएगी। लेकिन नियुक्ति के लिए सूची ग्रामीण स्वयं विवि प्रशासन को सौपेंगे।

Related posts